-बाबा गरीबनाथ मंदिर के पास फूल-माला की दुकानें हटाने पहुंची टीम का विरोध, दुकानदारों ने किया हंगामा
मुजफ्फरपुर। बाबा गरीबनाथ मंदिर के पास फूल-माला की दुकानों को हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को शनिवार को दुकानदारों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। मुशहरी अंचलाधिकारी (सीओ) के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची थी। टीम के पहुंचते ही दुकानदारों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने विरोध शुरू कर दिया।

आक्रोशित दुकानदारों ने प्रशासनिक टीम को घेर लिया और जमकर हंगामा किया। अचानक बढ़े विरोध के कारण मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। दुकानदार कार्रवाई का विरोध करते हुए अपनी दुकानें हटाने से इनकार कर रहे थे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस बल के पहुंचने के बाद अधिकारियों ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर दुकानदारों में नाराजगी बनी हुई है। वहीं, पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया। मंदिर के आसपास दुकानें हटाने को लेकर प्रशासन की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाएगी, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।












