Advertisement

स्वामी विवेकानन्द जन्मोत्सव पर पूर्व छात्र परिषद की बैठक आयोजित

-स्वामी विवेकानन्द जन्मोत्सव पर पूर्व छात्र परिषद की बैठक आयोजित

बांका।
सोमवार को चमन साह सरस्वती विद्या मंदिर, जगतपुर (बांका) के प्रांगण में स्वामी विवेकानन्द जी के जन्मोत्सव के अवसर पर पूर्व छात्र परिषद की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के उप प्रधानाचार्य माननीय संजय कुमार नवनीत जी ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वामी विवेकानन्द के विचारों और आदर्शों को स्मरण करते हुए पूर्व छात्र-छात्राओं को उनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस अवसर पर जिला संयोजक श्री सौरभ कुमार सिन्हा, सह संयोजक श्री आदित्य पोद्दार सहित बड़ी संख्या में पूर्व भैया-बहन उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ आचार्य श्री सी.पी. झा जी ने स्वामी विवेकानन्द के जीवनवृत्त पर विस्तार से प्रकाश डाला और उनके संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। वहीं आचार्य विनोद कुमार जी ने स्वामी विवेकानन्द के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित सभी भैया-बहनों से उनके विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।


जिला संयोजक श्री सौरभ कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में विद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक क्रिया-कलापों की सराहना करते हुए स्वामी विवेकानन्द के आदर्शों को अपनाने पर जोर दिया। अध्यक्षीय संबोधन में उप प्रधानाचार्य माननीय संजय कुमार नवनीत जी ने स्वामी विवेकानन्द की प्रसिद्ध उक्ति—“उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक अपने लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए”—का उल्लेख करते हुए उनके मार्गदर्शन को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ आचार्य श्रीमती संजना सिन्हा ने किया। बैठक में लगभग 75 पूर्व छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे कार्यक्रम सफल एवं प्रेरणादायी रहा।