Advertisement

स्वामी विवेकानंद जयंती सह युवा दिवस का आयोजन, युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश

-स्वामी विवेकानंद जयंती सह युवा दिवस का आयोजन, युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश

मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।
सोमवार की दोपहर बाद प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रामपुरदयाल कन्या में स्वामी विवेकानंद जयंती सह राष्ट्रीय युवा दिवस बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित कर उन्हें आत्मनिर्भर, अनुशासित और राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल एक संत नहीं, बल्कि युगदृष्टा थे, जिनके विचार आज के युवाओं के लिए भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, कठिनाइयों से घबराए बिना लक्ष्य की ओर अग्रसर होने और समाज व राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।


प्रधान शिक्षक सूरज कुमार ने कहा कि “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो” जैसे स्वामी विवेकानंद के विचार आज के समय में युवाओं के लिए मार्गदर्शक सिद्ध हो सकते हैं। अन्य शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और नैतिक मूल्यों को अपनाने की सलाह दी।
इस अवसर पर शिक्षक राजीव कुमार, नूतन कुमारी, अनामिका रानी, मिन्हाज बानो तथा शिक्षा सेवी चंदा खातून उपस्थित रहीं। सभी ने एक स्वर में स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने और विद्यार्थियों को सही दिशा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा करते हुए सभी को युवा दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।