-स्वच्छता योजना को निर्धारित सभी मापदण्डों के साथ जमीनी स्तर पर उतारें: डॉ प्रदीप कुमार
– नव पदस्थापित प्रखण्ड समन्वयकों के साथ प्रशिक्षण सह बैठक का आयोजन
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
जिला उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार ने लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान अन्तर्गत नव पदस्थापित प्रखण्ड समन्वयकों के साथ प्रशिक्षण-सह-परिचयात्मक बैठक की। इस अवसर पर निदेशक, लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन, जिला समन्वयक, सभी जिला सलाहकार एवं प्रखण्ड समन्वयक उपस्थित थे।
सर्वप्रथम बैठक में उपस्थित सभी प्रखण्ड समन्वयकों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने निर्देशित किया कि आज ही वे नव पदस्थापित प्रखण्डों में अपना योगदान देना सुनिश्चित करें। स्वच्छता के निर्धारित सभी मापदण्डों की गहन समीक्षा करने और जमीनी स्तर पर उनमें अपेक्षित प्रगति लाने हेतु सख्त निदेश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के उपरान्त योग्य लाभुकों का भौतिक सत्यापन अनिवार्य है। सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ही लाभुकों को प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाय।

कहा कि दैनिक कचरा उठाव स्वच्छता के प्रति जागरूकता और व्यवस्था को सुदृढ करने के उद्देश्य से प्रत्येक घर से रोजाना कचरा उठाव डोर-टू-डोर कलेक्शन शत-प्रतिशत सुनिश्चित करें।
स्वच्छता अभियान को सुदृढ करने के लिए सभी वार्डो में डोर-टू-डोर कचरा उठाव हेतु उपलब्ध ई-रिक्शा एवं पैडल रिक्शा के मरम्मति कार्य को प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए प्रखण्ड पंचायत राज पदाधिकारी एवं पंचायत सचिवों को निदेश दिया गया कि 15 वीं वित्त आयोग की राशि से मरम्मति कार्य अविलम्ब सुनिश्चित करें। ताकि कचरा उठाव का कार्य निर्बाध रूप से संचालित किया जा सके।
सभी स्वच्छता पर्यवेक्षकों एवं स्वच्छता कर्मियों के कार्यों का नियमित मूल्यांकन करने तथा उनके वेतन का भुगतान ससमय सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया, ताकि कार्य की गति प्रभावित न हो।
डीडीसी ने बताया कि स्वच्छता अभियान सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रखण्ड समन्वयक अपने कार्य क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभायें और जिले को स्वच्छ बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करना सुनिश्चित करें।












