Advertisement

प्रसूता की मौत के बाद निजी अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने मारपीट और वसूली का लगाया आरोप

-प्रसूता की मौत के बाद निजी अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने मारपीट और वसूली का लगाया आरोप

मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र में मेडिकल ओवरब्रिज के पास स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। मृतका की पहचान सकरा प्रखंड के मुरौल ओपी अंतर्गत दरधा गांव निवासी 30 वर्षीया पूजा देवी के रूप में हुई है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर मौत की जानकारी छिपाने, इलाज के नाम पर पैसे मांगने और विरोध करने पर कर्मचारियों व बाउंसरों से मारपीट कराने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में शिकायत लेकर परिजन अहियापुर थाने पहुंचे हैं।

परिजनों के अनुसार, पूजा देवी ने दो दिन पहले बच्चे को जन्म दिया था। प्रसव के बाद सकरा पीएचसी में उनकी हालत बिगड़ गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस से एसकेएमसीएच जाने के दौरान चालक उन्हें भ्रमित कर मेडिकल ओवरब्रिज के पास स्थित एक निजी अस्पताल में ले गया, जहां प्रसूता को भर्ती कराया गया।

मौत की जानकारी छिपाने का आरोप:

परिजनों का दावा है कि पूजा देवी की मौत मंगलवार देर रात ही हो गई थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी। आरोप है कि उनसे लगातार मरीज की हालत गंभीर बताते हुए इलाज के लिए पैसों की मांग की जाती रही। जब परिजन मरीज की वास्तविक स्थिति जानने के लिए अस्पताल के अंदर पहुंचे, तो विवाद शुरू हो गया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल के कर्मचारियों और बाहर से बुलाए गए बाउंसरों ने उनके साथ मारपीट की। इस दौरान लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने, कपड़े फाड़ने तथा मोबाइल फोन तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरातफरी और तनाव की स्थिति बन गई।

पुलिस से कार्रवाई की मांग:

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद परिजन लिखित शिकायत लेकर अहियापुर थाने पहुंचे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

फिलहाल, अस्पताल प्रबंधन, एंबुलेंस चालक और कथित बाउंसरों का पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।