-लदौरा पंचायत में 10 दिनों से ठप थी नल-जल योजना, जेई पर फर्जी रिपोर्ट अपलोड करने का आरोप
मुजफ्फरपुर। जिले के कुढ़नी प्रखंड की लदौरा पंचायत में नल-जल योजना को लेकर पीएचईडी विभाग की लापरवाही सामने आई है। यहां पिछले दस दिनों से नल-जल योजना का टावर खराब पड़ा था, जिसके कारण ग्रामीणों के घरों तक पेयजल की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई थी। पानी की किल्लत से परेशान ग्रामीणों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था।
समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने सरकार के ‘सहयोग पोर्टल’ पर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि पीएचईडी विभाग के कनीय अभियंता (जेई) भोलानाथ ने शिकायत के बावजूद न तो मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच की और न ही टावर की मरम्मत कराने की पहल की। इसके बावजूद पोर्टल पर समस्या का समाधान कर दिए जाने की रिपोर्ट अपलोड कर दी गई।

इसके बाद भी जब पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं हुई, तो मो. इम्तियाज ने सहयोग पोर्टल पर दोबारा शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुढ़नी के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) स्वयं मौके पर जांच करने पहुंच गए।
इस घटनाक्रम ने सरकारी शिकायत निवारण व्यवस्था और विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत के निष्पादन के संबंध में पोर्टल पर अपलोड की गई रिपोर्ट किस आधार पर दर्ज की गई थी। साथ ही, ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत दिलाने के लिए टावर की मरम्मत और जलापूर्ति बहाल करना जरूरी है।












