-दरभंगा में भी लालटेन की रोशनी से राजद के हौसले बुलंद
-स्नातक सीट पर अनिल कुमार झा ने भाजपा के सर्वेश कुमार को 4,010 मतों से हराया
-विधान परिषद चुनाव में राजद की दोहरी जीत
पटना/ललितेश्वर। बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर हुए चुनाव के नतीजों ने राज्य की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने दो सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया है। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जीत के बाद दरभंगा स्नातक सीट पर भी राजद का परचम लहराया। इन नतीजों को पार्टी के लिए उत्साह बढ़ाने वाला माना जा रहा है, वहीं भाजपा के सामने अपने प्रदर्शन की समीक्षा करने की चुनौती है।
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में गुरुवार देर शाम संपन्न मतगणना में राजद के अनिल कुमार झा ने भाजपा के निवर्तमान विधान पार्षद सर्वेश कुमार को 4,010 मतों से पराजित कर सीट अपने नाम कर ली। अनिल कुमार झा को कुल 25,406 मत मिले, जबकि सर्वेश कुमार 21,396 वोट हासिल कर सके। इस तरह अनिल कुमार झा ने निर्णायक बढ़त के साथ जीत दर्ज की।

इससे पहले पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भी राजद के डॉ. संजीव कुमार ने भाजपा के प्रत्याशी प्रो. नवल किशोर यादव को हराकर सबको चौंका दिया। प्रो. नवल किशोर यादव लंबे समय से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। पटना और दरभंगा में मिली जीत ने राजद के खेमे में उत्साह बढ़ा दिया है।
दरभंगा स्नातक सीट पर जनसुराज के मोहम्मद इम्तियाज 12,823 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। निर्दलीय प्रत्याशी दिलीप कुमार को 7,143 वोट मिले। कांग्रेस के रजनीकांत पाठक को 4,514 मत प्राप्त हुए। वहीं, सीपीआई (माले) के संदीप कुमार चौधरी को 557, वाजिब अधिकार पार्टी के रणजीत कुमार राम को 179, आदर्श मिथिला पार्टी के नगीना प्रसाद महतो को 109, बिहार जस्टिस पार्टी के भरत कुमार राय को 86 और जन मिथिला विकास पार्टी के ब्रह्मानंद मिश्रा को 52 मत मिले।
दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 40 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इतने उम्मीदवारों के बीच मुकाबले में राजद के अनिल कुमार झा की जीत पार्टी के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। विधान परिषद चुनाव के इन नतीजों ने बिहार में राजनीतिक दलों के बीच नए सिरे से रणनीति और जनाधार को लेकर बहस तेज कर दी है।












