-समस्तीपुर मंडल के चार स्टेशनों पर लगेंगे आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम
-82.28 करोड़ होंगे खर्च
मुजफ्फरपुर। पूर्व मध्य रेल के समस्तीपुर मंडल में रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए बड़ी पहल की गई है। इसके तहत मंडल के चार महत्वपूर्ण स्टेशनों पर आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। इस परियोजना पर करीब 82.28 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
रेलवे की इस योजना के तहत सीतामढ़ी, रीगा, रक्सौल और नरकटियागंज स्टेशनों का चयन किया गया है। इन स्टेशनों पर आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली स्थापित होने से ट्रेनों के परिचालन में सुगमता आएगी। साथ ही सिग्नलिंग व्यवस्था की विश्वसनीयता बढ़ेगी और ट्रेन परिचालन को अधिक सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।

परियोजना के तहत चारों स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम से जुड़े सभी आवश्यक इनडोर और आउटडोर उपकरण लगाए जाएंगे। इसके लिए विस्तृत डिजाइन तैयार करने, उपकरणों की आपूर्ति, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग तक का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा टेलीकॉम से संबंधित विकास कार्य भी कराए जाएंगे।
रेलवे की इस पहल से समस्तीपुर मंडल के महत्वपूर्ण रेलखंडों पर सिग्नलिंग व्यवस्था के आधुनिकीकरण को गति मिलेगी। आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से रेल परिचालन की दक्षता और सुरक्षा में सुधार होने की उम्मीद है।













