-सुरक्षित, टिकाऊ एवं समतल मार्ग प्रदान करने की दिशा में एक और हुई पहल : महापौर
-बाजार समिति स्थित मोहन केडिया दुकान से पंडाल चौक तक 1,84,43,900 रुपया की लागत से नाला और सड़क निर्माण कार्य का किया शिलान्यास
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
स्थानीय नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या-22, बाजार समिति के सामने स्थित मोहन केडिया दुकान से लेकर पंडाल चौक तक 1,84,43,900 रुपया की लागत से नाला और सड़क निर्माण कार्य की योजना का आज महापौर प्रीति कुमारी ने शिलान्यास किया।
इस योजना के तहत वार्ड के नागरिकों सहित आसपास के व्यापारियों को शीघ्र ही जलजमाव एवं जर्जर सड़कों की समस्या से मुक्ति मिल जायेगी। इस अवसर पर स्थानीय वार्ड पार्षद विभा देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
महापौर प्रीति कुमारी ने कहा कि बाजार समिति से पंडाल चौक तक नाले और सड़क का यह निर्माण कार्य केवल एक भौतिक संरचना नहीं बल्कि नागरिकों को सुरक्षित, टिकाऊ एवं समतल मार्ग प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

यह कार्य वर्षा के मौसम में जलजमाव, कीचड़ एवं संभावित दुर्घटनाओं से स्थायी समाधान प्रदान करेगा। मोतिहारी नगर निगम नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने नागरिकों से निर्माण कार्य में पूर्ण सहयोग की अपील भी की। यह योजना लंबे समय से लंबित था। इससे क्षेत्र में न केवल जनसुविधाएं बढ़ेंगी बल्कि व्यापारिक गतिविधियां और सौंदर्यीकरण को भी बल मिलेगा।
वार्ड संख्या-4 की निगम पार्षद मीना देवी ने महापौर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना वर्षों से लंबित थी, और आज इसका शिलान्यास होना क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
स्थानीय नागरिकों ने भी महापौर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस निर्माण कार्य से सुविधाएं बढ़ेंगी। साथ ही क्षेत्र का सौंदर्य एवं व्यापारिक गतिविधियां भी सशक्त होंगी।
महापौर ने यह भी जानकारी दी कि नगर निगम द्वारा अन्य वार्डों में भी चरणबद्ध रूप से सड़क, नाला, प्रकाश व्यवस्था एवं स्वच्छता से जुड़ी योजनाएं संचालित की जा रही है। जिससे सम्पूर्ण नगर का समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा सके।












