-सीबीएसई मैट्रिक में केसीआई विद्यालय राजापाकर का शानदार प्रदर्शन, 100% रिजल्ट से बढ़ाया मान
संजय श्रीवास्तव | राजापाकर
राजापाकर स्थित केसीआई विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सीबीएसई बोर्ड द्वारा घोषित मैट्रिक परीक्षा में शत-प्रतिशत सफलता हासिल कर विद्यालय एवं प्रखंड का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के निदेशक सत्य प्रकाश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष कुल 357 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी और सभी सफल रहे। इनमें से 85 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की है, जो विद्यालय के लिए गौरव की बात है।
90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों में शगुन सिंह राजपूत, अभिनव शंकर सहित कई प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं शामिल हैं। इसके अलावा मृणाल कुमार, कुणाल कुमार, शिवम कुमार, राज्यश्री और राजनंदिनी जैसे विद्यार्थियों ने भी बेहतर अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
इस सफलता के अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से छात्रों का मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। सफल छात्र-छात्राओं ने विद्यालय पहुंचकर अपने गुरुजनों से आशीर्वाद लिया।

विद्यालय के प्राचार्य धर्मेंद्र कुमार सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और लगन से ही ऊंची सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कम अंक प्राप्त करने वाले छात्रों को भी निराश न होने की सलाह देते हुए अगली परीक्षा में अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर विद्यालय के कई शिक्षक उपस्थित रहे, जिनमें चंदा सिंह, अमरेश कुमार राय, दीपक कुमार, जवाहरलाल राय, राम मनोहर सिंह समेत अन्य शिक्षक शामिल थे। विद्यालय परिवार ने सभी सफल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।












