Advertisement

सीताराम विवाह पंचमी महोत्सव: धूमधाम से मनाया गया माता जानकी का मटकोर, गंगा सागर पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

-सीताराम विवाह पंचमी महोत्सव: धूमधाम से मनाया गया माता जानकी का मटकोर, गंगा सागर पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

जनकपुरधाम। रिपोर्ट: मिश्री लाल मधुकर

सीताराम विवाह पंचमी महोत्सव के पांचवें दिन सोमवार को माता जानकी का मटकोर कार्यक्रम पूरे मिथिला विधि-विधान के साथ गंगासागर सरोवर में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। जानकी मंदिर से दोपहर 2 बजे निकलने वाली शोभायात्रा में उतराधिकारी महंत राम रोशन दास वैष्णव की अगुवाई में सेना की धुनों पर बैंड बाजा, डोल-पिपही की थाप और सैकड़ों साधु-संतों एवं श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

शोभायात्रा के दौरान नगरवासियों ने छतों से पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। गंगासागर सरोवर पहुंचने पर गंगासागर आरती के संयोजक विजय कुमार झुनझुनवाला, विधायक रामाशीष यादव, सुरेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने अतिथियों का अभिनंदन किया।

जयपुर से आई रामलीला मंडली की कलाकार द्वारा माता सीता की भूमिका निभाई गई, जबकि महंत राम रोशन दास वैष्णव ने भाई बनकर मटकोर की रस्म पूरी की। कुदाल से मिट्टी खोदकर पारंपरिक मटकोर संस्कार संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में गायिका संगीता देव सहित अन्य कलाकारों ने “कहमा के पियर माटी, कहमा के कोदार हो…”, “कहमा के सात सोहागिन माटी कोरय जात हो” जैसे कई पारंपरिक गीत प्रस्तुत कर हजारों दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मटकोर आयोजन के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर सुहाग का आशीष दिया। साथ ही तेल-अंकुरी का वितरण भी किया गया।

इस पवित्र अवसर पर निवर्तमान सांसद जूली महतो, मेयर मनोज कुमार साह, जनकपुरधाम उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र भंडारी, सिने अभिनेत्री अनिता यादव, चंद्र भूषण बाबा (पिपरा), राम विनय दास, गौरी शंकर दास समेत भारत और नेपाल के अनेक साधु-संत उपस्थित रहे।