-सीताराम विवाह पंचमी महोत्सव: भव्य शोभायात्रा निकली, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
सप्ताह व्यापी सीताराम विवाह पंचमी महोत्सव के छठे दिन मंगलवार को जनकपुरधाम में शानदार और भव्य शोभायात्रा निकाली गई। दोपहर दो बजे जानकी मंदिर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किशोरी जी (सीता) की डोला गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़े, पिपही और शहनाई की धुनों के साथ निकली। सेना का बैंड इस शोभायात्रा का विशेष आकर्षण रहा।
जानकी मंदिर के उत्तराधिकारी महंत राम रोशन दास वैष्णव की अगुवाई में निकली इस शोभायात्रा में भारी संख्या में साधु-संत, श्रद्धालु, जनकपुरधाम के मेयर मनोज कुमार साह, जनकपुर बृहत्तर विकास क्षेत्र परिषद के अध्यक्ष शीतल साह, वार्ड अध्यक्ष मिथिलेश कर्ण सहित हजारों नागरिक शामिल हुए। डोला की सुरक्षा का दायित्व हिंदू सेना के स्वयंसेवकों ने संभाला।
दूसरी ओर ढाई बजे राम मंदिर से राम जी की डोला निकाली गई, जिसकी अगुवाई राम मंदिर के महंत राम गिरि, राम युवा कमिटी, गुठी संस्थान कर्मी और सैकड़ों बारातियों ने की। दर्जनों चारपहिया वाहन और विभिन्न गांवों से आई आकर्षक झांकियां शोभायात्रा का हिस्सा बनीं।

तीन बजे दोनों डोला बारहबीघा (रंगभूमि) स्थित सुसज्जित मंच पर पहुँची, जहाँ सीता-राम स्वयंवर का आयोजन हुआ। स्वयंवर के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिसने पूरे माहौल को भक्तिमय और रोमांचक बना दिया। इसके बाद महंत राम रोशन दास वैष्णव और राम मंदिर के महंत द्वारा समधि मिलन की रस्म पूरी की गई। कार्यक्रम के दौरान हंसी-ठिठोली, अबीर-गुलाल और सांस्कृतिक रंगों की छटा छाई रही।
हजारों श्रद्धालुओं ने इस अद्भुत दृश्य को देखा। स्वयंवर संपन्न होने के बाद डोला पुनः बारहबीघा से प्रस्थान कर रामानंद चौक, पिडारी चौक, मिल्स एरिया, भानु चौक, शिव चौक, राम चौक और सोनापट्टी होते हुए पुनः जानकी मंदिर पहुँची। मार्ग में जगह-जगह महिलाओं ने छतों से फूल, अक्षत और पुष्पवृष्टि कर डोला का स्वागत किया।
आयोजकों के अनुसार, रात में जानकी मंदिर प्रांगण में बने सुसज्जित मंच पर राम-सीता विवाह का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।












