Advertisement

सिनेमाघरों के बाद भोजपुरी की चर्चित फिल्म ‘रंग दे बसंती’ अब JioHotstar पर रिलीज

-सिनेमाघरों के बाद भोजपुरी की चर्चित फिल्म ‘रंग दे बसंती’ अब JioHotstar पर रिलीज

पटना।भोजपुरी सिनेमा की चर्चित और बड़े बजट की फिल्म ‘रंग दे बसंती’ अब ओटीटी प्लेटफॉर्म JioHotstar पर रिलीज हो गई है। सिनेमाघरों में दर्शकों का भरपूर प्यार और सराहना मिलने के बाद अब यह फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है, जिससे देश-विदेश में रहने वाले भोजपुरी दर्शक घर बैठे इसका आनंद ले सकेंगे।
एसआरके म्यूजिक प्राइवेट लिमिटेड प्रस्तुत इस फिल्म को भोजपुरी सिनेमा की तकनीकी रूप से समृद्ध और बड़े कैनवास पर बनी फिल्मों में गिना जा रहा है। फिल्म में देशभक्ति, भावनात्मक कहानी, दमदार एक्शन और मनोरंजन का प्रभावशाली मिश्रण देखने को मिलता है।
फिल्म के निर्माता रोशन सिंह ने कहा कि जो दर्शक किसी कारणवश सिनेमाघरों में फिल्म नहीं देख पाए थे, उनके लिए अब यह सुनहरा अवसर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ओटीटी रिलीज के बाद भी फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिलेगा और भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रियता को नई पहचान मिलेगी।


फिल्म में भोजपुरी सुपरस्टार खेसरीलाल यादव मुख्य भूमिका में हैं। उन्होंने कहा कि ‘रंग दे बसंती’ उनके दिल के बेहद करीब है और इसे पूरी मेहनत व समर्पण के साथ बनाया गया है, ताकि भोजपुरी सिनेमा भी बड़े स्तर की विषयप्रधान और देशभक्ति से ओत-प्रोत फिल्मों के लिए जाना जाए। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि वे अपने पूरे परिवार के साथ JioHotstar पर फिल्म देखें और भोजपुरी सिनेमा को अपना समर्थन देते रहें।
फिल्म में खेसरीलाल यादव के साथ रति पांडे, डायना खान, अमिताभ भट्टाचार्य और फिरोज खान प्रमुख भूमिकाओं में नजर आते हैं। फिल्म का निर्देशन प्रेमांशु सिंह ने किया है, जबकि सह-निर्माता शर्मिला आर. सिंह हैं। संगीत ओम झा और कृष्णा बेदर्दी ने दिया है। गीत प्यारे लाल यादव, अरविंद तिवारी, राकेश निराला, डॉ. कृष्णा एन. शर्मा, कृष्णा बेदर्दी और सत्या सावरकर ने लिखे हैं। फिल्म के डीओपी वासु तथा पीआरओ रंजन सिन्हा हैं।
भव्य लोकेशंस, शानदार सिनेमैटोग्राफी, प्रभावशाली बैकग्राउंड स्कोर और भावनात्मक कहानी से सजी ‘रंग दे बसंती’ भोजपुरी सिनेमा के बदलते स्वरूप और बढ़ते स्तर की झलक पेश करती है। अब दर्शक इस फिल्म का आनंद JioHotstar पर पूरे परिवार के साथ उठा सकते हैं।