-सहयोग शिविर जनता के लिए बनेगा वरदान, 30 दिनों में होगा समस्याओं का समाधान : विधायक अजीत कुमार
मुजफ्फरपुर/कांटी।दीपक। बिहार सरकार द्वारा आयोजित सहयोग शिविर कार्यक्रम को जनता के लिए वरदान बताते हुए कांटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने कहा कि अब आम लोगों की समस्याओं का ससमय समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। सरकार ने विभिन्न मामलों के निष्पादन के लिए 30 दिनों की समय-सीमा तय की है और निर्धारित अवधि के बाद भी कार्य लंबित रहने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की घोषणा की गई है।
मंगलवार को कांटी विधानसभा क्षेत्र के वीरपुर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विधायक अजीत कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहल से जनता में सरकार के प्रति विश्वास और उम्मीदें बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वे जनता के कार्यों का निष्पादन पूरी तत्परता और पारदर्शिता के साथ करें।
विधायक ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद से ही वे पंचायत स्तर पर विकास शिविर आयोजित कर जनता की समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास करते रहे हैं। अब सरकार द्वारा पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किए जाने से लोगों के कार्य और तेजी से पूरे होंगे। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर लोगों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि अब सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे होंगे।

इस दौरान बीडीओ आनंद कुमार विभूति ने बताया कि कांटी प्रखंड के विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 538 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शिविर में 50 नए आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका भी शीघ्र समाधान किया जाएगा।
वहीं, पश्चिमी अनुमंडल पदाधिकारी आकांक्षा आनंद एवं वरीय उपसमाहर्ता सह कांटी प्रखंड के वरीय प्रभारी पदाधिकारी यशवंत कुमार ने भी शिविर का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कार्यक्रम में बीडीओ आनंद कुमार विभूति, सीओ पिंटू कुमार, कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक, बीपीआरओ काजोल कुमारी, बीएओ शिवनाथ झा, सीडीपीओ मीरा कुमारी, स्थानीय मुखिया याचना शाही सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने सहयोग शिविर की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी पहल बताया।












