Advertisement

सरैया में व्यवसायी संघ के कार्यालय का उद्घाटन

-सरैया में व्यवसायी संघ के कार्यालय का उद्घाटन

पंकज राकेश, सरैया (मुजफ्फरपुर)।

मुजफ्फरपुर जिले के सरैया स्थित स्मार्ट सिटी परिसर में बुधवार को नवनिर्मित सरैया व्यवसायी संघ के कार्यालय का उद्घाटन सांसद वीणा देवी, एमएलसी दिनेश प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। कार्यालय के उद्घाटन के पश्चात परिसर में आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम का शुभारंभ भी सांसद, एमएलसी के साथ विधायक अशोक सिंह के भाई मुन्ना सिंह, पूर्व जिला पार्षद नीरा देवी, विश्वजीत शाही सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए सांसद वीणा देवी ने कहा कि सरैया बाजार जिले के पश्चिमी क्षेत्र का व्यवसाय का प्रमुख केंद्र है। सरैया में सड़क जाम की समस्या से सभी लोग परेशान है। कभी कभी तो हमलोगों को भी जाम में फंसना पड़ता है। सड़क जाम के कारण सरैया के व्यवसायियों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। जिसको लेकर पहल की गई है। जल्द हीं सरैया के जाम की समस्या का समाधान हो जाएगा। इसके अतिरिक्त सरैया में और भी जितनी समस्याएं हैं सबको चिन्हित करते हुए आपलोग व्यवसायी संघ के पैड पर लिख कर दें। मैं मुख्यमंत्री से मिलकर सारी समस्याओं का समाधान करवाने का प्रयास करूंगी। व्यवसायियों ने सांसद से सरैया में बाईपास निर्माण की दिशा में पहल करने की मांग किया। जिस पर सांसद ने एनएचएआई के अधिकारियों से बात कर कार्रवाई का भरोसा दिया।

उन्होंने कहा कि व्यवसायी संघ के नव निर्वाचित प्रतिनिधियों की देख रेख में सरैया के व्यवसायियों तथा सरैया का समुचित विकास होगा। एमएलसी दिनेश प्रसाद सिंह ने कहा कि पश्चिमी क्षेत्र में सरैया और मोतीपुर दो बड़ा मार्केट है। जिस तरह से मोतीपुर में इंडस्ट्री का जाल बिछा है, उसी तरह सरैया और पारु में भी जल्द हीं इंडस्ट्री का जाल बिछेगा। गत सप्ताह प्रगति यात्रा पर आए सीएम के साथ बैठक में सरैया में एनएच पर फ्लाईओवर बनाने की जगह बाईपास निर्माण के लिए बात रखी गई थी। सीएम ने भी कार्रवाई का आश्वासन दिया था। आने वाले समय में जब एनएच 722 फोरलेन हो जाएगा तब सरैया मुजफ्फरपुर का सबसे बड़ा मार्केट हब बनेगा। सरैया व्यवसायी संघ के सदस्य सभी व्यवसायियों के साथ मिल जुल कर सरैया के विकास के लिए काम करें। हमारी जहां जरूरत होगी हमलोग व्यवसायी वर्ग के साथ खड़ा रहेंगे।
सम्मान समारोह में सरैया व्यवसायी संघ के नव निर्वाचित सदस्यों को सांसद, एमएलसी व अन्य अतिथियों ने फूलमाला पहनाकर तथा शॉल ओढ़ा कर सम्मानित किया। मौके पर थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह, सीओ अंकित कुमार, समाजसेवी मुन्ना सिंह, बालेंद्र सिंह, प्रो. योगेंद्र सिंह, बैजू महतो, पीयूष कुमार, राकेश कुमार, व्यवसायी संघ के अध्यक्ष अजय सिंह, शकील अहमद सहित संघ के सभी सदस्य व व्यवसायी उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता चुन्नू शाही एवं मंच संचालन प्रेम रंजन ने किया।