-समस्तीपुर मंडल में डी.आर.यू.सी.सी. की वर्ष 2025 की दूसरी बैठक संपन्न
-सभी आमंत्रित सदस्यों ने यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी मांगें रखी तथा चर्चा किया
-सभी सुझावों पर योग्यतानुसार विचार करने तथा पूरा करने का भरोसा दिलाया गया
समस्तीपुर।संवाददाता।
समस्तीपुर मंडल में आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति,(डिविजनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमिटी)(DRUCC) की वर्ष 2025 की दूसरी बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक श्री ज्योति प्रकाश मिश्र ने की, जबकि संचालन वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती अनन्या स्मृति द्वारा किया गया।
बैठक में मंडल के क्षेत्राधिकार के कुल 19 सदस्यगणों ने भाग लिया।
बैठक में विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र के स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, आवश्यक सुधारों तथा नई मांगों से संबंधित ज्ञापन मरेप्र को सौंपा और इन मांगों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
मंडल रेल प्रबंधक श्री ज्योति प्रकाश मिश्र ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सदस्यों को आश्वस्त किया कि सभी बिंदुओं पर विचार तथा यथा संभव अमल किया जाएगा।
बैठक में मंडल के सभी विभागों के शाखा अधिकारी भी उपस्थित रहे तथा उन्होंने अपने-अपने विभाग से जुड़े विषयों पर सदस्यों के साथ सीधे संवाद किया और समाधान की दिशा में सकारात्मक विचार प्रस्तुत किए।
डीआरयूसीसी: रेलवे की एक महत्वपूर्ण परामर्शदात्री समिति:
बैठक के दौरान डीआरयूसीसी की भूमिका तथा उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला गया।
विदित हो कि डीआरयूसीसी (Divisional Railway Users Consultative Committee) रेलवे और यात्रियों के बीच एक महत्वपूर्ण संवाद सेतु के रूप में कार्य करती है। इसके प्रमुख उद्देश्य इस प्रकार हैं—

यात्रियों की समस्याओं, सुझावों और मांगों को सीधे मंडल प्रशासन तक पहुँचाना।
रेलवे सेवाओं में सुधार, सुविधा वृद्धि, सुरक्षा, स्वच्छता और यात्री अनुभव को बेहतर बनाने के लिए संरचित सुझाव प्रदान करना।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों, उद्योग-व्यापार संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और बुद्धिजीवियों की सहभागिता से रेलवे के विकास को सार्थक दिशा देना।
विभिन्न स्टेशनों और सेवाओं के संबंध में निरंतर निगरानी और समीक्षा कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना।
डीआरयूसीसी की विशेषता यह है कि यह रेलवे प्रशासन और उपभोक्ताओं के बीच सहभागी प्रशासन का एक सशक्त माध्यम है, जहां दोनों पक्ष विकास और सुविधा-विस्तार के लिए संयुक्त रूप से कार्य करते हैं।
अंत में, मंडल रेल प्रबंधक ने सभी सदस्यों का उनकी सारगर्भित भागीदारी, सुझावों और सहयोग के लिए धन्यवाद व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया। बैठक सौहार्दपूर्ण और रचनात्मक वातावरण में सम्पन्न हुई।
इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री सन्नी सिन्हा, वरीय मंडल इन्जीनियर (स) श्री संजय कुमार, वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी श्री विवेक कुमार, वरीय मंडल वित्त प्रबंधक श्री गणनाथ झा, वरीय मंडल यांत्रिक इंजीनियर श्री दुर्गेश कुमार तथा मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री आशीष कुमार सहित सभी शाखा अधिकारी तथा अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।












