Advertisement

चावल लदा ट्रक गायब होने का खुलासा, मुजफ्फरपुर में 400 बोरी चावल बरामद, तीन गिरफ्तार

-चावल लदा ट्रक गायब होने का खुलासा, मुजफ्फरपुर में 400 बोरी चावल बरामद, तीन गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर/जमुई। जमुई जिले के चकाई थाना क्षेत्र से चावल लदा ट्रक रहस्यमय तरीके से गायब होने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। चकाई पुलिस ने मुजफ्फरपुर जिले के पारू और जैतपुर थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर गायब किए गए करीब 400 बोरी चावल बरामद किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सभी आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच मुजफ्फरपुर से चकाई ले जा रही है।

जानकारी के अनुसार, चावल व्यापारी रतन लाल कुमार ने चकाई थाने में ट्रक और चावल गायब होने को लेकर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि 12 अगस्त को पश्चिम बंगाल के बर्धमान स्थित लक्ष्मी नारायण राइस मिल से चावल खरीदकर ट्रक पर लोड कराया गया था। ट्रक को हाजीपुर पहुंचना था। ट्रक का चालक सह मालिक मो. नियाज, निवासी बघरियाटांड़, गिरिडीह, झारखंड, खुद ट्रक चला रहा था।

15 अगस्त की सुबह चालक के भाई ने व्यापारी को फोन कर बताया कि ट्रक और चावल गायब हो गया है तथा चालक पटना के मरांची अस्पताल में भर्ती है। व्यापारी जब अस्पताल पहुंचे तो चालक ने बताया कि सरौन के पास खाना खाने के दौरान चार अज्ञात बदमाशों ने उसे जबरन नशीला पदार्थ खिला दिया और ट्रक लूटकर फरार हो गए।

चालक की इस कहानी पर व्यापारी को संदेह हुआ। उन्होंने चालक सह मालिक पर ही अपने साथियों के साथ मिलकर साजिश रचने और चावल गायब करने का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जमुई एसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। चकाई थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चावल बरामद करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गायब किया गया चावल मुजफ्फरपुर जिले के पारू और जैतपुर थाना क्षेत्रों में छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों क्षेत्रों में छापेमारी कर करीब 400 बोरी चावल बरामद कर लिया। मौके से तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को मुजफ्फरपुर से चकाई ले जा रही है। उनसे पूछताछ के बाद ट्रक और चावल गायब करने की पूरी साजिश का खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
चकाई थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार ने चावल बरामदगी और तीन लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जल्द इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस चोरी और साजिश के नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं।