Advertisement

औराई में दिव्यांग PDS विक्रेता और परिवार पर जानलेवा हमला, मारपीट का वीडियो वायरल

-औराई में दिव्यांग PDS विक्रेता और परिवार पर जानलेवा हमला, मारपीट का वीडियो वायरल

मुजफ्फरपुर। जिले के औराई थाना क्षेत्र के सरहंचिया गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक दिव्यांग जनवितरण प्रणाली (PDS) विक्रेता और उनके परिवार के साथ दबंगों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मारपीट में घायल PDS विक्रेता विपिन बिहारी, उनकी पत्नी रानी देवी और पुत्र प्रिंस बिहारी का इलाज औराई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में चल रहा है।
पुलिस को दिए आवेदन में विपिन बिहारी ने बताया कि वह गुरुवार शाम करीब छह बजे राशन लाभार्थियों का e-KYC करने के लिए अपने कार्यक्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गांव के ही रमन कुमार, विकास भारती, करुणा निधान सिंह और हिमांशु रंजन ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोप है कि आरोपियों ने लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया।


विपिन बिहारी के साथ मारपीट की जानकारी मिलने के बाद उनकी पत्नी रानी देवी और पुत्र प्रिंस बिहारी उन्हें बचाने के लिए मौके पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को औराई सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
मामले को लेकर DSP ईस्ट वन अलय वत्स ने बताया कि घटना पुलिस के संज्ञान में आ चुकी है। दोनों पक्षों की ओर से औराई थाने में आवेदन दिया गया है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वायरल वीडियो को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के कारणों और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।