Advertisement

बन्दरा पीएचसी में डॉक्टरों की कमी, प्रभारी ने अतिरिक्त चिकित्सक की तैनाती की उठाई मांग

-बन्दरा पीएचसी में डॉक्टरों की कमी, प्रभारी ने अतिरिक्त चिकित्सक की तैनाती की उठाई मांग

मुजफ्फरपुर/बन्दरा(दीपक)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बन्दरा में चिकित्सकों की कमी का मामला सामने आया है। पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने वरीय अधिकारियों को पत्र लिखकर अस्पताल में चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए अतिरिक्त चिकित्सा पदाधिकारी के पदस्थापन की मांग की है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि चिकित्सक की तैनाती संभव नहीं है तो उन्हें प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के पद से हटाकर किसी अन्य चिकित्सा पदाधिकारी को प्रभार दिया जाए।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने पत्र में बताया है कि वर्तमान में संस्थान में मात्र तीन एमबीबीएस चिकित्सा पदाधिकारी कार्यरत हैं। इतनी कम संख्या में चिकित्सकों के सहारे पीएचसी की नियमित स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करना मुश्किल हो रहा है। रोस्टर के अनुसार ड्यूटी लेने और मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने में भी परेशानी सामने आ रही है।


बताया गया कि 19 अगस्त 2026 को गायघाट विधायक की ओर से प्रखंड स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा के दौरान चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा रोस्टर ड्यूटी के अनुसार चिकित्सकों से कार्य लेने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद पीएचसी प्रशासन द्वारा उपलब्ध चिकित्सकों से रोस्टर के अनुसार ड्यूटी लेने पर जोर दिया जा रहा है।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने अधिकारियों से अनुरोध किया है कि पीएचसी में चिकित्सकों की कमी को देखते हुए जल्द से जल्द अतिरिक्त चिकित्सा पदाधिकारी का पदस्थापन कराया जाए। उन्होंने कहा है कि यदि अतिरिक्त चिकित्सक उपलब्ध कराना संभव नहीं है तो उन्हें प्रभारी पद से हटाकर किसी अन्य चिकित्सा पदाधिकारी को प्रभार सौंपा जाए, ताकि संस्थान की स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन बेहतर तरीके से किया जा सके।
अब देखना है कि चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे बन्दरा पीएचसी की व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से क्या कदम उठाया जाता है।