-सप्तक्रान्ति सुपर फास्ट एक्सप्रेस के दरभंगा विस्तार की तैयारी, सीतामढ़ी-जनकपुर रोड के यात्रियों में खुशी
सीतामढ़ी।दीपक। सप्तक्रान्ति सुपर फास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के दरभंगा तक विस्तार को लेकर पूर्व मध्य रेल द्वारा तकनीकी परीक्षण का निर्देश जारी होने के बाद सीतामढ़ी और जनकपुर रोड क्षेत्र के नागरिकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से उठ रही इस मांग के पूरा होने की उम्मीद अब और मजबूत हो गई है।
केन्द्रीय रेलवे रेलयात्री संघ एवं कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स, सीतामढ़ी के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सुन्दरका ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सप्तक्रान्ति सुपर फास्ट एक्सप्रेस को मुजफ्फरपुर से भाया रुन्नी सैदपुर, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड होते हुए दरभंगा तक विस्तार देने की मांग काफी समय से की जा रही थी। उन्होंने बताया कि सीतामढ़ी रूट पर दिल्ली के लिए एक भी सुपर फास्ट ट्रेन उपलब्ध नहीं है, जबकि यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और मौजूदा ट्रेनों में आरक्षण मिलना भी मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने कहा कि सीतामढ़ी सांसद देवेशचन्द्र ठाकुर लगातार रेलमंत्री और विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखकर इस मांग को उठाते रहे हैं। श्री सुन्दरका ने सांसद देवेशचन्द्र ठाकुर के प्रयासों के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि यदि यह ट्रेन सीतामढ़ी तक आती है तो दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

जानकारी के अनुसार, पूर्व मध्य रेल के सीपीटीएम स्तर से 7 अप्रैल 2026 को एक पत्र जारी किया गया है। समस्तीपुर रेल मंडल के सीनियर डीओएम को संबोधित इस पत्र में 12557/12558 सप्तक्रान्ति सुपर फास्ट एक्सप्रेस के दरभंगा तक विस्तार की योजना के तहत तकनीकी परीक्षण कराने का निर्देश दिया गया है।
इस खबर के सामने आते ही क्षेत्र के कई सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों से जुड़े लोगों ने खुशी जाहिर की है। इनमें डीआरयूसीसी सदस्य आलोक कुमार, नगर परिषद जनकपुर रोड के सभापति ब्रजेश कुमार जालान, पुपरी के सामाजिक कार्यकर्ता रमेश जालान, रेड क्रॉस सीतामढ़ी के चेयरमैन डॉ. महावीर ठाकुर, व्यवसायिक संघ कोट बाजार के सचिव रितेश सिकारिया उर्फ गणेश, बिहार प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन सीतामढ़ी के अध्यक्ष जनार्दन भरतिया, वरिष्ठ रेल यात्री रामप्रवेश प्रसाद, पंकज गोयनका और अशोक सोनी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग शामिल हैं।
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि तकनीकी परीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही सप्तक्रान्ति सुपर फास्ट एक्सप्रेस का परिचालन मुजफ्फरपुर से रुन्नी सैदपुर, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड होते हुए दरभंगा तक शुरू होगा, जिससे इस क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।












