Advertisement

बेरई पंचायत में महिला सभा आयोजित, महिला सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं पर हुई चर्चा

-बेरई पंचायत में महिला सभा आयोजित, महिला सशक्तिकरण और सरकारी योजनाओं पर हुई चर्चा

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड क्षेत्र की बेरई पंचायत स्थित सरकार भवन में आगा खान ग्राम समर्थन कार्यक्रम (भारत) की ओर से महिला सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पंचायत के मुखिया कुणाल कुमार और स्वच्छता पर्यवेक्षक संतोष प्रसाद सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण, सरकारी योजनाओं और पंचायत स्तर की समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।

सभा को संबोधित करते हुए मुखिया कुणाल कुमार ने आगा खान संस्थान की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है, जो स्वागतयोग्य हैं। आज महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं। वे घर-परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के साथ-साथ बाहर भी अपने कार्यों को पूरी दक्षता से पूरा कर रही हैं। इसके बावजूद समाज में कई बार उन्हें अपेक्षित सम्मान नहीं मिल पाता, जो उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की धरोहर हैं और उनके बिना सभ्य समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। महिलाओं को समान अधिकार और सम्मान देने के साथ उनके विकास के लिए सभी को आगे आना चाहिए। इससे एक बेहतर और विकसित समाज की स्थापना संभव होगी।

महिला सभा में मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण नली-गली निश्चय योजना, समाज कल्याण विभाग, लोहिया स्वच्छता अभियान, समेकित बाल विकास सेवा (आईसीडीएस), आयुष्मान कार्ड और राशन कार्ड सहित प्रखंड स्तर पर संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

इस दौरान उपस्थित महिलाओं ने पंचायत स्तर की समस्याओं और शिकायतों को भी सामने रखा। इन शिकायतों को ग्राम पंचायत की ग्रामसभा पंजी में दर्ज कर ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के तहत समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में अभिषेक कुमार, राजीव रंजन, रंजीत कुमार, राजेश कुमार, राधाकृष्ण कुमार, मनोहर कुमार और सफक नाज सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभा में समुदाय की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।