-सनातन सेवा दल की नई जिला और महानगर टीम गठित, पदाधिकारियों ने ली समाज सेवा की शपथ
मुजफ्फरपुर। रामदयालु सिंह स्मारक भवन, मोतीझील में मंगलवार को सनातन सेवा दल की ओर से शपथ ग्रहण सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन विस्तार, नई कार्यकारिणी के गठन के साथ समाज सेवा, सनातन संस्कृति के संरक्षण और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा मुजफ्फरपुर पूर्वी के जिला अध्यक्ष विवेक कुमार एवं कांटी मुखिया संघ की अध्यक्ष याचना शाही मौजूद रहीं। वहीं संगठन के संरक्षक निलेश वर्मा, संजीव सिंह, संतोष रंजन, कुणाल श्रीवास्तव और सचिन राम की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान सनातन सेवा दल की नई जिला टीम की घोषणा की गई। इसमें निखिल स्वराज को जिला अध्यक्ष, प्रियांशु श्रीवास्तव को प्रधान महासचिव बनाया गया। वहीं सुमित कुमार, आशीष कुमार, वंदना सिंह, शुभम पांडे और मनीष आकाश को जिला उपाध्यक्ष, आयुष कुमार को कोषाध्यक्ष तथा आदित्य गुप्ता और सोनू श्रीवास्तव को जिला सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके साथ ही संगठन की महानगर टीम का भी गठन किया गया। अंकित राज को महानगर जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई तथा उनकी टीम के अन्य पदाधिकारियों की भी घोषणा की गई।
मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन सेवा दल समाज सेवा, सांस्कृतिक जागरूकता और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को जनसेवा, राष्ट्रहित और सनातन मूल्यों के संरक्षण के लिए समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के उद्देश्यों के प्रति निष्ठा, सेवा और समर्पण के साथ कार्य करने की शपथ ली। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।












