-संसदीय मध्यावधि चुनाव: देशभर में उम्मीदवारों ने भरा नामांकन, झापा-5 बना सबसे रोचक मुकाबला
काठमांडू।
आगामी फाल्गुन 21 गते को होने वाले संसदीय मध्यावधि चुनाव को लेकर देशभर में एक ही दिन सभी राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों एवं स्वतंत्र प्रत्याशियों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन प्रक्रिया के साथ ही चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है।
सबसे दिलचस्प मुकाबला झापा संसदीय क्षेत्र संख्या-5 में देखने को मिल रहा है, जहां नेकपा एमाले के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली और काठमांडू के पूर्व मेयर बालेन्द्र साह (बालेन) आमने-सामने हैं। जेन-जी के बीच खास लोकप्रियता रखने वाले बालेन ने काठमांडू महानगरपालिका के मेयर पद से इस्तीफा देकर राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया है। पार्टी ने उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार भी घोषित किया है।

इसके अलावा देश के कई दिग्गज नेताओं ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से नामांकन भरा। इनमें नेपाली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउवा, नेकपा एमाले के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानमंत्री प्रचंड, पूर्व प्रधानमंत्री माधव नेपाल, पूर्व उप प्रधानमंत्री विमलेन्द्र निधि, नेकपा एमाले के उप सचिव एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री रघुवीर महासेठ, राष्ट्रीय मुक्ति पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री राजेन्द्र महतो, पूर्व मंत्री शरद सिंह भंडारी, जसपा नेपाल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री उपेन्द्र यादव, पूर्व मुख्यमंत्री सरोज कुमार सिंह तथा पूर्व गृह मंत्री भरत साह प्रमुख हैं।
नेपाल चुनाव आयोग ने मंगलवार से आदर्श आचार संहिता लागू कर दी है। इसके साथ ही चुनावी गतिविधियों पर आयोग की कड़ी नजर बनी हुई है।
नामांकन के दौरान अधिकांश उम्मीदवारों ने अपने-अपने क्षेत्रों के मंदिरों में पूजा-अर्चना की। समर्थकों ने गाजा-बाजा, डीजे और रथों के साथ नाच-गान करते हुए जुलूस निकाले और नामांकन स्थल तक पहुंचे, जिससे कई क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
मध्यावधि चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और आने वाले दिनों में चुनावी सरगर्मी और तेज होने की संभावना है।














