Advertisement

शर्मनाक ! मणिपुर में 2 महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया…देश भर में बवाल, नीतीश राज में भी ‘महिला’ को दिनदहाड़े ‘नग्न’ कर बाजार में घुमाया गया था

-शर्मनाक ! मणिपुर में 2 महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया…देश भर में बवाल, नीतीश राज में भी ‘महिला’ को दिनदहाड़े ‘नग्न’ कर बाजार में घुमाया गया था

सम्वाददाता। पटना/मणिपुर।

मणिपुर में दो महिलाओं को नग्न करके घुमाने का वीडिया सामने आने के बाद देश भऱ में राजनीतिक बवाल मच गया है. बिहार की सत्ताधारी जेडीयू-राजद समेत अन्य विपक्षी दलों ने बीजेपी व केंद्र की सरकार पर बड़ा हमला बोला है. संसद शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ कर दिया है कि इस घटना के गुनाहगारों को नहीं बख्शेंगे. मेरा हृदय पीड़ा और क्रोध से भरा हुआ है. गुनाहगारों को सजा दिला कर रहेंगे. आज भले ही नीतीश कुमार की पार्टी इस मुद्दे पर भाजपा व केंद्र सरकार पर सवाल खड़े कर रही हो, लेकिन नीतीश राज में भी महिला को सरेआम नग्न कर घुमाने की घटना हो चुकी है. यह घटना बहुत पहले की नहीं बल्कि 2018 की है. जब उग्र लोगों की भीड़ ने एक महिला निर्वस्त्र कर दिन के उजाले में पूरे बाजार में घुमाया था और पुलिस मुकदर्शक बनी हुई थी. वीडियो सामने आने के बाद नीतीश सरकार की भारी फजीहत हुई थी. मणिपुर का वीडियो सामने आने के बाद जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह और राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने पीएम मोदी पर तीखा हमला बोला है।

बिहार में महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने की यह घटना अगस्त 2018 की है. भोजपुर के बिहियां बाजार में दिन के उजाले में सैकड़ों लोगों की भीड़ ने एक महिला को शक के आधार पर पकड़ा था, फिर नंगा कर सड़क पर घुमाया था. रेलवे ट्रैक के पास एक युवक विमलेश साव का शव मिलने से नाराज ग्रामीणों ने जमकर उत्पात मचाया था और बिहियां की कई दुकानों और वाहनों में आग लगा दी थी। इतना करने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हत्या के आरोप में रेड लाइट एरिया की एक महिला को सरेआम पीटा और फिर उसके कपड़े फाड़ डाले। महिला को पीटते हुए भीड़ ने उसे निर्वस्त्र सरेआम घुमाया था। भीड़ को शक था कि महिला की भी हत्या में संलिप्तता थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने बीच बाजार में महिला को निर्वस्त्र कर पीटना शुरू कर दिया। महिला रो-रो कर अपनी बेगुनाही की बात कर रही थी, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। भीड़ ने मौके पर पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को करीब दस राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी थी।

बिहार के बिहियां बाजार में महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने का वीडियो सामने आने के बाद भारी बवाल मचा था. सीएम नीतीश के सुशासन पर सवाल खड़े हुए थे. तब बीजेपी भी नीतीश सरकार में शामिल थी. महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने को लेकर राजद-जेडीयू नेताओं में जमकर राजनीतिक बयानबाजी भी हुई थी. भारी बवेला के बाद बिहियां थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में युवक की हत्या के बाद महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की थी. पुलिस ने बिहियां के रहनेवाले राजद नेता कौशल यादव सहित पंद्रह लोगों को गिरफ्तार किया था. इसके साथ ही बिहियां के थानेदार, रेल पुलिस के थानेदार समेत सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था।

महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने और उसकी पिटाई के मामले में सभी आरोपियों को निचली अदालत ने नवंबर 2018 में ही सजा सुना दी थी. इससे पहले 28 नवंबर को कोर्ट ने सभी दोषियों को करार देते हुए सजा पर फैसला सुरक्षित रख लिया था. इस मामले में 20 लोगों को आरोपी बनाया गया था. कोर्ट ने मामले के 20 आरोपियों को सजा सुनाई. जिसमें 5 आरोपियों को 7-7 साल की सजा सुनाई गई. साथ ही 10-10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था. वहीं, बाकी 15 आरोपियों को कोर्ट ने 2-2 साल की सजा सुनाई और 2-2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है. आरा सिविल कोर्ट के एडीजे-1 की अदालत ने सजा का ऐलान किया था।