-सड़क की जांच करने पहुंची प्रशासन की गाड़ी खुद फंसी, ग्रामीण बोले—अब समझिए हमारी परेशानी!
दीपक कुमार/गायघाट(मुजफ्फरपुर)। सड़क की बदहाल स्थिति की जांच करने पहुंची जिला प्रशासन की गाड़ी ही रास्ते में फंस गई। प्रशासनिक वाहन के सड़क पर फंसने के बाद मौके की तस्वीर ने इलाके की सड़क की स्थिति और ग्रामीणों की परेशानी की हकीकत सामने ला दी। जिस सड़क की स्थिति का जायजा लेने अधिकारी पहुंचे थे, उसी सड़क पर सरकारी वाहन के फंसने से सड़क निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार सड़क की खराब स्थिति के कारण उन्हें रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ जमा होने से पैदल चलने के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन में भी परेशानी होती है।

ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासनिक वाहन के फंसने से अब अधिकारियों को भी सड़क की वास्तविक स्थिति का अनुभव हो गया होगा। उनका कहना है कि सड़क की सिर्फ औपचारिक जांच के बजाय उसकी गुणवत्ता और निर्माण कार्य की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की समुचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने, गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण कराने और आवागमन की समस्या से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है। प्रशासनिक वाहन के फंसने की घटना के बाद अब लोगों की नजर इस बात पर है कि संबंधित विभाग सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर क्या कार्रवाई करता है।












