-विश्व स्वास्थ्य दिवस पर एमडीडीएम कॉलेज में संगोष्ठी व स्वास्थ्य शिविर, छात्राओं ने दिखाया उत्साह
मुजफ्फरपुर:मंगलवार, 7 अप्रैल 2026 को महंत दर्शन दास महिला कॉलेज (एमडीडीएम) में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर “Together for Health, Stand with Science” विषय पर भव्य एवं ज्ञानवर्धक स्वास्थ्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ छात्राओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
इस संगोष्ठी में CNS हॉस्पिटल पटना से मुख्य आहार विशेषज्ञ डॉ. पल्लवी श्रेष्ठ एवं नेस्टिवा हॉस्पिटल की सीईओ मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में शामिल हुईं। साथ ही एनएमसीएच पटना के सर्जरी विभाग से डॉ. दीपक ने भी महिलाओं से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्य डॉ. अलका जायसवाल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में गृह विज्ञान की पूर्व विभागाध्यक्ष एवं सीएमडी की पूर्व कोऑर्डिनेटर डॉ. सुशील सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर CND कोर्स की कोऑर्डिनेटर डॉ. सरिता कुमारी, सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।

नेस्टिवा हॉस्पिटल के सहयोग से आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा, जिसमें ब्लड ग्रुप, ब्लड शुगर, बीएमआई, विटामिन B12 एवं विटामिन D की जांच की गई। साथ ही विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को व्यक्तिगत डाइट काउंसलिंग भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित क्विज एवं पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पोस्टर प्रतियोगिता में सुकन्या कुमारी ने प्रथम, सर्वाधिक कुमारी ने द्वितीय एवं नैंसी प्रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं क्विज प्रतियोगिता में तृतीय वर्ष की छात्राओं ने बाजी मारी।
इसके अलावा छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नाट्य कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें प्रथम वर्ष की छात्राओं ने मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता तथा द्वितीय वर्ष की छात्राओं ने एनीमिया विषय पर प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन निशि रानी द्वारा किया गया, जिससे पूरा आयोजन सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बना रहा।












