Advertisement

विश्व पर्यावरण दिवस पर रामजानकी पथ हुआ हरित, लगाए गए दर्जनों पौधे

-विश्व पर्यावरण दिवस पर रामजानकी पथ हुआ हरित, लगाए गए दर्जनों पौधे

जनकपुरधाम (मधुकर)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका वार्ड संख्या-23 के रामजानकी मार्ग क्षेत्र में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

जिला वन कार्यालय के सहयोग तथा वार्ड संख्या-23 के वार्ड अध्यक्ष राघवेन्द्र साह की सक्रिय पहल पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान रामजानकी मार्ग के डिवाइडर एवं सर्विस लेन के डिवाइडर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए कहा कि केवल पौधारोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शंकर चौधरी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के बढ़ते प्रभाव को कम करने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी अभियान तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि इसे जनआंदोलन का रूप देना होगा।

वहीं मंत्रालय के सचिव जिबनाथ पौडेल ने कहा कि पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए स्थानीय समुदाय, सरकारी संस्थाओं और आम नागरिकों के बीच समन्वय एवं सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।

अपने संबोधन में वार्ड अध्यक्ष राघवेन्द्र साह ने कहा कि राज्य स्तर पर चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियान की सफलता केवल पौधे लगाने से नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा और संरक्षण से सुनिश्चित होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि लगाए गए पौधों की देखभाल अपने बच्चों की तरह करें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सके।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।