चंपारण की खबर:::
– कैंसर एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों में से प्रमुख है : डॉ श्रवण पासवान
– विश्व कैंसर दिवस पर सदर अस्पताल से निकली जागरूकता रैली को सिविल सर्जन ने हरी झंडी दिखाई
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
वर्ल्ड कैंसर डे के अवसर पर जिले के सदर अस्पताल परिसर से एएनएम व स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। इसे सिविल सर्जन डॉ श्रवण कुमार पासवान द्वारा हरी झंडी दिखाकर विदा किया गया। इस रैली में सदर हास्पिटल के एनसीडी सेल के सभी सदस्य एवं पारामेडिकल छात्राएं मौजूद थीं। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से नारे भी लगाए गए। उपस्थित सभी लोगों को तम्बाकू सेवन न करने की शपथ भी दिलाई गई। सिविल सर्जन डॉ श्रवण कुमार पासवान ने कहा कि गलत खान- पान, रहन सहन के कारण कैंसर का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कैंसर एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों में से प्रमुख है। कैंसर के कारण प्रत्येक वर्ष लाखों लोगों की मौत होती है। जिसमें पूरी दुनियां में हर छठी मौत कैंसर के कारण हो रही है। लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विश्व कैंसर दिवस मनाया जाता है। जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में जागरूकता से संबंधित विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर विशेष रूप से 10 फरवरी तक ओपीडी में स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रहीं है। जिला गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ पीके सिन्हा ने बताया कि सदर अस्पताल परिसर स्थित ओपीडी के कमरा में होमी भाभा कैंसर संस्थान सह शोध संस्थान की टीम द्वारा सुबह के 9 बजे से शाम के 5 बजे तक स्क्रीनिंग, उपचार के साथ ही जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
मौके पर डीएस डॉ अवधेश कुमार, डैम, डीपीसी, आशिष रंजन, डॉ राहुल राज, होमी भाभा कैंसर संस्थान से सालिनी चौधरी, डॉ भाब्या, सोनी कुशवाहा पूनम कुमारी, चाँदसी कुमार, उत्कर्ष उज्जवल एवं ए एन एम स्कूल की छात्रा एवं अन्य लोग उपस्थित थे।












