-विद्यालय के संस्थापक प्रधानाध्यापक स्व. कैलाश राय को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
— शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान को किया गया याद
राजापाकर/संजय श्रीवास्तव।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राजापाकर के परिसर में सोमवार को विद्यालय के संस्थापक प्रधानाध्यापक स्वर्गीय कैलाश राय की स्मृति में श्रद्धांजलि सह शोक सभा का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं, शिक्षाविदों और ग्रामीणों ने एकत्र होकर स्वर्गीय कैलाश राय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक एवं शिक्षाविद् रामसरिख प्रसाद सिंह ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ शिक्षक केशव नारायण सिंह ने किया।
अपने संबोधन में शिक्षाविद् रामसरिख प्रसाद सिंह ने कहा कि स्वर्गीय कैलाश राय का योगदान विद्यालय की स्थापना से लेकर उसके विकास तक अमूल्य रहा। उन्होंने बताया कि वर्ष 1962 में विद्यालय की स्थापना के समय वे प्रधानाध्यापक बने थे और गांव-गांव जाकर अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के प्रति प्रेरित किया करते थे। वे वर्ष 1994 में सेवानिवृत्त हुए।

कार्यक्रम में स्नातक विधान परिषद प्रतिनिधि अनिल कुमार ने कहा कि स्व. कैलाश राय निष्ठावान, कर्तव्यपरायण और सादगीपूर्ण जीवन जीने वाले व्यक्ति थे। उनका व्यक्तित्व आज भी सबके लिए प्रेरणास्रोत है। वे समाज के बीच शिक्षा का दीप जलाने वाले एक सच्चे शिक्षाविद् और कुशल प्रशासक थे।
वक्ताओं ने कहा कि उनके प्रयासों से आज विद्यालय के कई छात्र-छात्राएँ उच्च पदों पर कार्यरत हैं। स्व. कैलाश राय बच्चों को अनुशासन और मेहनत का पाठ पढ़ाते थे और खाली पीरियड में स्वयं जाकर उन्हें पढ़ाते थे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उन्हें विलक्षण प्रतिभा का धनी, समाजसेवी और सच्चा गुरु बताया।
श्रद्धांजलि सभा में विद्यालय के प्रधानाध्यापक विजय कुमार, बसंत सिंह, अनिल कुमार, केशव नारायण राय, जितेंद्र कुमार वर्मा, दिनेश राय, शिवनाथ सिंह, वकील राय, राजेश कुमार, राजकुमार रवि, चतुर्भुज प्रसाद सिंह, जगरनाथ राय, अमरेश सिंह, नगीना राय, बिंदेश्वर सिंह, छन्नू राय, रणबीर सिंह, मीना देवी, सुजीत कुमार, शंभू राय, रघुनाथ राय सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।












