Advertisement

विदेश दौरे से लौटते ही एक्शन में पीएम मोदी, मंत्रियों के कामकाज की हुई बड़ी समीक्षा, खराब प्रदर्शन पर सख्त संदेश

-विदेश दौरे से लौटते ही एक्शन में पीएम मोदी, मंत्रियों के कामकाज की हुई बड़ी समीक्षा, खराब प्रदर्शन पर सख्त संदेश

नई दिल्ली। पांच देशों के हाई-प्रोफाइल दौरे से लौटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। गुरुवार को प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में राजधानी दिल्ली में हुई मंत्रिपरिषद की अहम बैठक में सरकार के कामकाज, मंत्रालयों के प्रदर्शन और योजनाओं की प्रगति की व्यापक समीक्षा की गई। करीब चार घंटे चली इस बैठक को सरकार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, एनडीए सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने से पहले आयोजित इस मिड-टर्म समीक्षा बैठक में विभिन्न मंत्रालयों के प्रदर्शन का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। बैठक में कैबिनेट सचिव और नीति निर्माण से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने मंत्रालयों के कामकाज, उपलब्धियों और चुनौतियों पर प्रस्तुति दी।

बैठक में मंत्रालयों के कार्य निष्पादन को लेकर विशेष फोकस रखा गया। सरकारी फाइलों के निस्तारण की गति और जनता की शिकायतों के समाधान को प्रमुख मानक मानते हुए विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। जिन विभागों में कार्यों में देरी या शिकायतों के समाधान में सुस्ती पाई गई, उन्हें सुधार पर विशेष जोर देने का संदेश दिया गया।

प्रधानमंत्री ने बैठक में स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य आम लोगों के जीवन को आसान बनाना है। उन्होंने मंत्रियों और अधिकारियों से निर्णय प्रक्रिया को तेज करने, उत्पादकता बढ़ाने और जनसेवा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया।

बैठक के दौरान कृषि, सड़क परिवहन, विदेश, ऊर्जा, श्रम, वाणिज्य और कॉर्पोरेट मामलों से जुड़े मंत्रालयों ने भी अपने कार्यों और उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री ने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को सरकार की प्राथमिक प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए परिणाम आधारित प्रशासनिक व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही।

राजनीतिक गलियारों में इस बैठक के बाद संभावित कैबिनेट फेरबदल को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।