Advertisement

रेवा पुल से उफनती गंडक नदी में युवक ने लगाई छलांग

-रेवा पुल से उफनती गंडक नदी में युवक ने लगाई छलांग

-बाइक और मोबाइल छोड़कर कूदा
-तलाश में जुटी पुलिस

मुजफ्फरपुर। सरैया थाना क्षेत्र में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 22 वर्षीय युवक ने रेवा घाट स्थित पुल से उफनती गंडक नदी में छलांग लगा दी। नदी में कूदने से पहले युवक ने अपनी रॉयल एनफील्ड हंटर बाइक पुल के पास खड़ी की और जियो एजेंसी में काम करने वाले एक स्टाफ को फोन कर मौके पर बुलाया था। स्टाफ के पहुंचते ही युवक ने अचानक नदी में छलांग लगा दी।

युवक को नदी में छलांग लगाते देख स्टाफ उसे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन गंडक नदी के तेज बहाव के कारण युवक देखते ही देखते पानी में बह गया। काफी प्रयास के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नदी में युवक की तलाश शुरू कराई।

लापता युवक की पहचान वैशाली जिले के बेलवार गांव निवासी मनोज कुमार साह के 22 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार साह के रूप में हुई है। अभिषेक सरैया बाजार के पास जियो एजेंसी चलाता था। शनिवार को उसने अपनी एजेंसी में काम करने वाले एक स्टाफ को फोन कर रेवा घाट स्थित पुल पर बुलाया था।

स्टाफ के पुल पर पहुंचने पर उसने देखा कि अभिषेक की रॉयल एनफील्ड हंटर बाइक पुल से कुछ कदम पहले खड़ी थी। बाइक में चाबी लगी हुई थी और पास में ही अभिषेक का मोबाइल फोन भी रखा था। इसी दौरान अभिषेक ने अचानक उफनती गंडक नदी में छलांग लगा दी।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस युवक के नदी में डूबने के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल नदी के तेज बहाव के बीच अभिषेक की तलाश जारी है।