-रामपुर बघेल में विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी अधिनियम पर किसान गोष्ठी आयोजित
राजापाकर–संजय श्रीवास्तव। कृषि विज्ञान केंद्र हरिहरपुर, वैशाली के तत्वावधान में शनिवार को पंचायत पहियार बुजुर्ग अंतर्गत गांव रामपुर बघेल स्थित पंचायत सरकार भवन में विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) बीबी जी राम जी विकसित भारत गारंटी अधिनियम–2025 को लेकर ग्रामीण स्तर पर किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. अनिल कुमार सिंह के दिशा-निर्देश में किया गया।
गोष्ठी में डॉ. कविता वर्मा, वैज्ञानिक (गृह विज्ञान) ने विधेयक के प्रावधानों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नए बिल में कार्यों को चार प्रमुख श्रेणियों—जल सुरक्षा, ग्रामीण अवसंरचना, आजीविका से जुड़े कार्य तथा मौसम जनित जोखिमों को कम करने वाले कार्यों तक सीमित किया गया है। यह विधेयक ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे रोजगार एवं आय में वृद्धि होगी और गांवों में टिकाऊ विकास को बढ़ावा मिलेगा।

डॉ. वर्मा ने बताया कि इस अधिनियम से किसानों को श्रमिकों की बेहतर उपलब्धता तथा उन्नत कृषि सुविधाओं का लाभ मिलेगा। बाढ़ नियंत्रण और जल संरक्षण से फसलों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। राज्य सरकारें 60 दिनों की अवधि तय कर सकती हैं, जिसके दौरान बुवाई एवं कटाई के समय योजना के तहत कार्य रोके जाएंगे, जिससे कृषि कार्यों के लिए श्रमिकों की कमी नहीं होगी। नए बिल में रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 कर दिया गया है, वहीं महिलाओं की भागीदारी 48 प्रतिशत से बढ़कर 56.74 प्रतिशत हो गई है, जिससे किसान और श्रमिक दोनों लाभान्वित होंगे।
कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिक कुमारी नम्रता (कृषि अभियंत्रण) ने जलवायु अनुकूल खेती के विषय में किसानों को महत्वपूर्ण जानकारी दी। इस अवसर पर पंचायत के मुखिया, वार्ड सदस्य, उन्नतिशील किसान एवं बड़ी संख्या में महिला-पुरुष प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे। किसानों के बीच विधेयक से संबंधित लीफलेट्स का भी वितरण किया गया।











