-राजापाकर विद्यालय में ई-कचरा प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राजापाकर परिसर में मॉडल स्कूल के छात्र-छात्राओं द्वारा ई-कचरा प्रबंधन एवं स्वच्छता को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता स्पेशल कैंपेन-6 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कचरे के उचित निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की नोडल पदाधिकारी निधि सिन्हा ने बताया कि विद्यार्थियों को चेतना सत्र, क्विज प्रतियोगिता तथा एकत्रित ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण के संबंध में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में चार प्रकार के डस्टबिन उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें अलग-अलग श्रेणी के कचरे को निर्धारित निर्देशों के अनुसार डालना है।
विद्यार्थियों को बताया गया कि हरे डस्टबिन में सब्जियों और फलों के छिलके, बचा हुआ भोजन, चायपत्ती तथा बगीचे से निकलने वाला कचरा डाला जाएगा। नीले डस्टबिन में कागज, साफ प्लास्टिक, कांच के जार और धातु के डिब्बे जैसे पुनर्चक्रण योग्य कचरे रखे जाएंगे। लाल डस्टबिन का उपयोग इस्तेमाल किए गए डायपर, सैनिटरी पैड, गंदे टिश्यू और मेडिकल बैंडेज जैसे सैनिटरी कचरे के लिए किया जाएगा। वहीं, काले डस्टबिन में निर्धारित निर्देशों के अनुसार घरेलू खतरनाक कचरा और ई-कचरा, जैसे बैटरी, मोबाइल फोन, चार्जर, फ्यूज बल्ब तथा एक्सपायरी दवाइयां रखी जाएंगी।

विद्यालय से एकत्रित कचरे को स्वच्छता कर्मियों के माध्यम से पंचायत के कचरा प्रबंधन केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था की जानकारी भी दी गई। इसका उद्देश्य कचरे का उचित निस्तारण कर पर्यावरण को स्वच्छ रखना है।
निधि सिन्हा ने कहा कि ई-कचरा प्रबंधन और कचरा पृथक्करण अभियान का सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। विद्यालय में आयोजित शिक्षक-अभिभावक गोष्ठियों के दौरान भी अभिभावकों को जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा, ताकि स्वच्छता की आदतों को घरों तक पहुंचाया जा सके।
कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाध्यापक रविंद्र कुमार रवि, नोडल शिक्षक निधि सिन्हा तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं में राजकुमार रवि, प्रवीण कुमार, राकेश कुमार, रूपा कुमारी, प्रियंका कुमारी, खुशी कुमारी और शालिनी श्री सहित अन्य लोग शामिल हुए।












