-राजापाकर में राजस्व महाअभियान का कार्य तेज, 8 हजार आवेदनों में से 2 हजार का ऑनलाइन डेटा एंट्री पूरा
राजापाकर/वैशाली। संजय श्रीवास्तव।
राजापाकर प्रखंड कार्यालय के सभागार में राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त ऑफलाइन आवेदनों को ऑनलाइन करने का कार्य तेजी से जारी है। प्रखंड के सर्वे अमीन कंप्यूटर पर लगातार डेटा लोड कर रहे हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि राजस्व महाअभियान के दौरान कुल 8,000 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से अब तक 2,000 आवेदनों का ऑनलाइन एंट्री कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष आवेदनों पर तेजी से काम चल रहा है।
ऑनलाइन होने के बाद होगी आगे की जांच प्रक्रिया:
सीओ ने बताया कि सभी आवेदनों की ऑनलाइन डेटा एंट्री पूरी होने के बाद यह डेटा उनके लॉगिन पर भेजा जाएगा।
इसके बाद संबंधित कर्मचारियों को आवेदन की जांच के लिए ऑनलाइन डेटा उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे रजिस्टर-2 से मिलान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जमाबंदी त्रुटियों के सुधार को लेकर अधिकतर आवेदन:
ज्ञात हो कि राजस्व महाअभियान के दौरान रैयतों ने खाता नंबर, खेसरा नंबर, रकबा आदि में त्रुटियों के सुधार हेतु ऑफलाइन फॉर्म जमा किया था।
इसके अलावा जिन रैयतों की जमाबंदी में मृतक व्यक्तियों के नाम दर्ज थे, उन्होंने अपने जीवित उत्तराधिकारियों के नाम शामिल कराने हेतु आवेदन दिया था।
ऑनलाइन प्रक्रिया में मृतक का नाम हटाकर उत्तराधिकारी का नाम अपडेट किया जाएगा।
सीओ ने किया निरीक्षण, अमीनों को तेज गति से कार्य पूरा करने के निर्देश:
अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने प्रखंड परिसर स्थित सभागार में चल रहे ऑनलाइन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रगति की विस्तृत जानकारी सर्वे अमीनों से ली और सभी को निर्देश दिया कि कार्य को शीघ्रता और पारदर्शिता के साथ पूरा करें।
राजस्व महाअभियान की इस प्रक्रिया से हजारों रैयतों की जमीन संबंधी त्रुटियों का समाधान होने की उम्मीद है।












