-राजापाकर में बाबा वीर चौहरमल की 713वीं जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई
राजापाकर, संजय श्रीवास्तव।
प्रखंड क्षेत्र के भलुई पंचायत अंतर्गत पंचई मुबारक गांव में बाबा वीर शिरोमणि चौहरमल की 713वीं जयंती समारोह श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीणों की उपस्थिति रही। सभी लोगों ने बाबा वीर चौहरमल के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर समाज, देश और विश्व की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम का आयोजन प्रसिद्ध व्यास मुकेश महात्मा के नेतृत्व में किया गया। समारोह की अध्यक्षता समाजसेवी रामसागर पासवान ने की, जबकि संचालन मनोज पासवान ने किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं गणमान्य लोगों को फूलमाला और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा वीर चौहरमल के पूजन-पाठ एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित लोजपा के पूर्व प्रत्याशी गौरी शंकर पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा वीर चौहरमल गरीबों, शोषितों और दलितों के मसीहा थे। वे एक महान लोकदेवता एवं सामाजिक न्याय के योद्धा थे, जिन्होंने सामंती दमन, अत्याचार और जातिगत भेदभाव के खिलाफ संघर्ष किया।

उन्होंने बताया कि मोकामा के अंजनी ग्राम में जन्मे बाबा वीर चौहरमल पासवान समाज के कुलदेवता के रूप में पूजे जाते हैं और अपनी वीरता, स्वाभिमान तथा न्यायप्रियता के लिए जाने जाते हैं।
इस अवसर पर उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी बाबा वीर चौहरमल के जीवन और उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में गौरी शंकर पासवान, दरोगा पासवान, रामसागर पासवान, मुकेश व्यास, संजय पासवान, रामनाथ पासवान, जीतू पासवान, संतोष कुमार, अखिलेश पासवान, अजय कुमार, महेश कुमार, अनिल पासवान, रामप्रवेश पासवान, विपिन कुमार सहित अनेक लोग मौजूद रहे।












