Advertisement

राजापाकर में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, परगणकों व सुपरवाइजरों को दिया गया प्रशिक्षण

-राजापाकर में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, परगणकों व सुपरवाइजरों को दिया गया प्रशिक्षण

राजापाकर, संजय श्रीवास्तव।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजापाकर के परिसर में आगामी मई माह में होने वाले जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जारी है। शुक्रवार को पांचवें दिन नारायणपुर बुजुर्ग, लगुराव बिलंदपुर, राजापाकर उत्तरी एवं गौसपुर बरियारपुर पंचायत के परगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनरों मनोज कुमार शर्मा, राजकुमार राम, हेमंत कुमार, मुकेश कुमार, राजेशचंद्रा एवं अमरेश कुमार शर्मा ने प्रतिभागियों को जनगणना के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। इसमें मकान सूचीकरण की प्रक्रिया, परिवारों के विवरण का संकलन, जनगणना प्रपत्रों का संधारण तथा मोबाइल आधारित एप्लीकेशन के माध्यम से डिजिटल डेटा प्रविष्टि की जानकारी शामिल रही।


प्रशिक्षण में 1 से 33 प्रश्नों के उत्तर देने की प्रक्रिया को पीपीटी के माध्यम से समझाया गया। साथ ही परिसर, मकान, भवन एवं परिवार की पहचान, एचएलबी में मकान एवं भवन नंबरिंग के कार्यों की समीक्षा की गई। स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया, मोबाइल से सत्यापन एवं सुधार के विषय पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
प्रशिक्षकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना 2027 के प्रथम चरण को प्रखंड स्तर पर सटीक, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करना है। सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और आगामी जनगणना कार्य को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।