-राजापाकर प्रखंड के सभी पैक्सों में शुरू हुई धान की खरीद, किसानों को 48 घंटे में भुगतान का आश्वासन
राजापाकर/वैशाली। राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के सभी पैक्सों (PACS) में 1 नवंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू हो गई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी अनामिका कुमारी ने बताया कि इस वर्ष सरकार द्वारा धान की न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की गई है।
उन्होंने बताया कि इस बार एक नंबर धान का मूल्य ₹2389 प्रति कुंतल और दो नंबर धान का मूल्य ₹2369 प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में ₹69 अधिक है। धान की खरीद केवल 17 प्रतिशत से कम नमी वाले धान की की जाएगी।
धान खरीद में शामिल प्रमुख पैक्सों में बखरी बराई, बैकुंठपुर, नारायणपुर, रामपुर रत्नाकर, उर्स सरसई, जाफरपट्टी, बाकरपुर एवं भलूई पैक्स शामिल हैं।
पदाधिकारी अनामिका कुमारी ने किसानों से अपील की कि वे पैक्स में जाकर अपना निबंधन करवाएं या साइबर कैफे के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करें। निबंधन संख्या और जमीन की रसीद जमा कर किसान अपने धान को पैक्स में बेच सकते हैं।

जो किसान दूसरों की जमीन पर खेती करते हैं (गैर रैयत किसान), उन्हें अपने वार्ड सदस्य या किसान सलाहकार से सत्यापन करवाना अनिवार्य होगा। सत्यापन के बाद वे भी पैक्स में धान बेच सकते हैं।
सरकार ने निर्देश दिया है कि धान खरीद के 48 घंटे के भीतर किसानों को भुगतान किया जाए, हालांकि कागजी प्रक्रिया पूरी होने में 2-3 दिन लग सकते हैं। इसके बाद भुगतान किसानों के बैंक खाते में सीधे हस्तांतरित किया जाएगा।
बीसीओ अनामिका कुमारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी पैक्स पर धान खरीद में लापरवाही या अनियमितता पाई जाती है, तो किसान सीधे प्रखंड या जिला सहकारिता पदाधिकारी, वैशाली को आवेदन दे सकते हैं। ऐसे पैक्सों पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
📍 स्थान: राजापाकर, वैशाली
🗓️ रिपोर्ट: संजय श्रीवास्तव












