-राजकीय बुनियादी विद्यालय बराटी में भवन निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से की जांच की मांग
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव
राजापाकर। बराटी थाना क्षेत्र के राजकीय बुनियादी विद्यालय बराटी परिसर में शिक्षा विभाग की ओर से आधारभूत संरचना योजना के तहत एक कमरे का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में प्राक्कलन की अनदेखी और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित कोई सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है, जिससे कार्य की लागत और अन्य विवरणों की जानकारी नहीं मिल पा रही है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुजीत कुमार ने बताया कि परिसर में एक कमरे का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें चार नंबर ईंट का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार को इस संबंध में कई बार मना किया गया, लेकिन उनकी बातों को अनसुना कर दिया गया। प्रधानाध्यापक के अनुसार, विद्यालय को निर्माण कार्य की कोई पूर्व सूचना या विभागीय पत्र भी उपलब्ध नहीं कराया गया है। विभाग द्वारा सीधे निर्माण कार्य कराया जा रहा है, इसलिए उन्हें योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी नहीं है।

स्थानीय ग्रामीण उदय कुमार, अंजनी सिंह, राजेंद्र सिंह, हरेंद्र सिंह, पप्पू कुमार और भूषण कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि ठेकेदार से गुणवत्तापूर्ण सामग्री और प्राक्कलन के अनुरूप निर्माण कराने का आग्रह किया गया, लेकिन उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान विभाग का कोई अभियंता या जिम्मेदार पदाधिकारी स्थल पर मौजूद नहीं रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि भवन की नींव और डीपीसी स्तर पर ही घटिया ईंट का इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे में निर्माण की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका आरोप है कि इसी तरह निर्माण जारी रहा तो भवन लंबे समय तक टिकाऊ नहीं रह पाएगा।
मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने वैशाली के जिला पदाधिकारी से निर्माण कार्य की जांच कराने, प्राक्कलन के अनुसार गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने और अनियमितता में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।












