-रक्षाबंधन पर मुजफ्फरपुर जेल में बहनों के लिए खास व्यवस्था, स्लॉट नहीं बुक हुआ तो भी पहुंचा सकेंगी राखी
मुजफ्फरपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा में बंद भाइयों को राखी बांधने की उम्मीद लगाए बैठी बहनों के लिए जेल प्रशासन ने राहत भरी व्यवस्था की है। यदि किसी कारणवश ई-मुलाकाती पोर्टल पर ऑनलाइन स्लॉट बुक नहीं हो पाया है, तो भी बहनों को निराश होने की जरूरत नहीं है। जेल प्रशासन ने त्योहार की महत्ता और बहनों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की है।
जेल अधीक्षक युसूफ रिजवान ने बताया कि रक्षाबंधन के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन कराया जाएगा। जिन बहनों ने ई-मुलाकाती पोर्टल के माध्यम से पहले से स्लॉट बुक किया है, उन्हें जेल परिसर में जाकर अपने बंदी भाइयों से सीधे मुलाकात करने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक विशेष मुलाकाती व्यवस्था रहेगी। इस दौरान बहनें अपने हाथों से भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांध सकेंगी।
ऑनलाइन स्लॉट बुक नहीं करा पाने वाली बहनों के लिए जेल के मुख्य प्रवेश द्वार पर विशेष व्यवस्था की गई है। मुख्य गेट पर दो सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जो बहनों से राखी और मिठाई प्राप्त करेंगे। बहनों को राखी और मिठाई के साथ अपने पहचान पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति भी जमा करनी होगी।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत जेल के अंदर भेजी जाने वाली मिठाई की जांच की जाएगी। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मिठाई जमा कराने वाली बहनों से उसकी जांच के लिए चखने को भी कहा जा सकता है। जांच पूरी होने के बाद जेल प्रशासन राखी और मिठाई को संबंधित बंदी तक सुरक्षित पहुंचाएगा।
जेल प्रशासन की इस व्यवस्था से उन बहनों को भी राहत मिलेगी, जो किसी कारण से ऑनलाइन मुलाकात का स्लॉट बुक नहीं करा सकीं। रक्षाबंधन के मौके पर प्रशासन का प्रयास है कि सुरक्षा व्यवस्था से समझौता किए बिना बंदी भाइयों तक उनकी बहनों का स्नेह और रक्षासूत्र पहुंच सके।
त्योहार के दौरान जेल परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे और मुलाकात से लेकर राखी एवं मिठाई पहुंचाने तक पूरी प्रक्रिया निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कराई जाएगी।












