-मुजफ्फरपुर नगर निगम का होगा विस्तार, चार प्रखंडों के गांव होंगे शामिल
-PNG सुरक्षा ऑडिट का निर्देश
मुजफ्फरपुर। जिले के विकास कार्यों में तेजी लाने और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक हुई। प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राजभूषण चौधरी, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, सांसद वीणा देवी, विधायक, विधान पार्षद, महापौर निर्मला साहू और जिलाधिकारी कुमार गौरव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मुजफ्फरपुर नगर निगम के क्षेत्र विस्तार के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इसके तहत मुशहरी, कांटी, मड़वन और कुढ़नी प्रखंड के गांवों को शामिल करने का प्रस्ताव है। प्रस्तावित क्षेत्रफल 6,982.45 हेक्टेयर है।

प्रभारी मंत्री ने प्रारूप अधिसूचना से पहले जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से सुझाव एवं आपत्तियां लेने का निर्देश दिया। कटरा की पहसौल और जजुआर पंचायत को नगर परिषद बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।
गोबरसही-डुमरी सड़क पर गैस पाइपलाइन विस्फोट की घटना की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की गई है। जिले के PNG नेटवर्क का सुरक्षा ऑडिट होगा। पाइपलाइन क्षेत्र में IOCL अधिकारी की मौजूदगी और अनुमति के बिना खुदाई नहीं होगी।
समीक्षा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की 14, मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना की 77 और सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना की नौ लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। मंत्री ने कहा कि भूमि की कमी से कोई विकास कार्य बाधित नहीं होना चाहिए। जिलाधिकारी ने सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने का भरोसा दिया।












