Advertisement

सरस्वती विद्या मंदिर हसनपुर के शिक्षकों व छात्रों ने बनाई स्वदेशी ‘ई-बाइक’, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चलाकर परखा

-सरस्वती विद्या मंदिर हसनपुर के शिक्षकों व छात्रों ने बनाई स्वदेशी ‘ई-बाइक’, राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चलाकर परखा

विद्या भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवीन्द्र कान्हरे ने किया उद्घाटन; एक चार्ज में चलेगी 100 किमी

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने देश के पहले अत्याधुनिक ‘लेक्चर रिकॉर्डिंग स्टूडियो’ और प्रदेश सचिव ने गोशाला का लिया जायजा

एनईपी-2020 के तहत विद्यालय में जल्द स्थापित होगी आधुनिक टेक्नोलॉजी लैब व रोबोटिक्स वर्कशॉप

राजगीर/हसनपुर:
पूज्य तपस्वी श्री जगजीवन जी महाराज सरस्वती विद्या मंदिर, हसनपुर, राजगीर के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में ऐतिहासिक मिसाल कायम की है। विद्यालय के भौतिक विज्ञान के आचार्य प्रवीण कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं छात्रावास के छात्रों के सामूहिक तकनीकी सहयोग से एक आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल इलेक्ट्रिक बाइक (ई-बाइक) तैयार की गई है।
इस नवाचार का विधिवत उद्घाटन विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवीन्द्र कान्हरे के कर-कमलों द्वारा किया गया। उद्घाटन के उपरांत डॉ. कान्हरे एवं भारती शिक्षा समिति बिहार एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति बिहार के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने स्वयं बाइक चलाकर इसकी क्षमता, गति और संतुलन का प्रत्यक्ष अनुभव किया और दल के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
एक चार्ज में 100 किमी का सफर, ट्रैफिक में भी 80 किमी रेंज।


निर्मित ई-बाइक तकनीकी दृष्टिकोण से बेहद किफायती एवं उपयोगी है। यह सामान्य मार्गों पर एक बार के फुल चार्ज में लगभग 100 किलोमीटर और शहर के भारी ट्रैफिक में करीब 80 किलोमीटर की रेंज प्रदान करती है। इस परियोजना में छात्रावास के छात्रों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे उन्होंने कक्षा के किताबी ज्ञान को धरातल पर उतारते हुए ‘करके सीखना’ (लर्निंग बाई डूइंग) की सार्थकता सिद्ध की।
*विद्या भारती का पहला अत्याधुनिक ‘लेक्चर रिकॉर्डिंग स्टूडियो’*
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रवीन्द्र कान्हरे ने विद्यालय परिसर में स्थापित अत्याधुनिक लेक्चर रिकॉर्डिंग स्टूडियो का भी गहन निरीक्षण किया। गौरतलब है कि यह आधुनिक डिजिटल स्टूडियो विद्या भारती के देश भर के विद्यालयों में अपनी तरह का पहला अनूठा केंद्र है, जिसके माध्यम से ई-लर्निंग सामग्री तैयार कर विद्यार्थियों तक पहुंचाई जा रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस आधुनिक व्यवस्था को डिजिटल शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताया।
*प्रदेश सचिव ने गोशाला का किया निरीक्षण, परंपरा और विज्ञान के समन्वय को सराहा*

भारती शिक्षा समिति बिहार एवं शिशु शिक्षा प्रबंध समिति बिहार के प्रदेश सचिव प्रदीप कुमार कुशवाहा ने विद्यालय स्थित गोशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने गो-संरक्षण, संवर्धन और परिसर की स्वच्छता प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि विद्या मंदिर परिसर में भारतीय संस्कृति, परंपरा और आधुनिक विज्ञान का यह अद्भुत संगम प्रेरणादायक है।
*विद्यालय में जल्द खुलेगी हाईटेक टेक्नोलॉजी लैब व वर्कशॉप*
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनंत कुमार सिन्हा ने बताया कि नई शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुरूप प्रयोगात्मक व कौशल आधारित शिक्षा को विस्तार देने के लिए परिसर में शीघ्र ही इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल और रोबोटिक्स से युक्त आधुनिक टेक्नोलॉजी लैब एवं वर्कशॉप सेंटर विकसित किया जा रहा है।

इस गरिमामयी अवसर पर पटना विभाग के प्रवासी कार्यकर्ता सुमन कुमार सिंह, भोजपुर विभाग के प्रवासी कार्यकर्ता लालबाबू प्रसाद, उपप्रधानाचार्य राम जी प्रसाद सिन्हा सहित विद्यालय परिवार के सभी आचार्य व छात्र उपस्थित रहे।