Advertisement

मोटरसाइकिलों की भीषण टक्कर में तीन छात्रों की दर्दनाक मौत, तीन गंभीर

-मोटरसाइकिलों की भीषण टक्कर में तीन छात्रों की दर्दनाक मौत, तीन गंभीर

जनकपुरधाम | मिश्री लाल मधुकर:
जलेश्वर-बर्दीवास सड़क खंड के बखरी गांव के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी छात्र मैट्रिक परीक्षा देकर घर लौट रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह छात्र आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक में आग लग गई, जिससे सभी छात्र बुरी तरह झुलस गए। हादसे में तीन छात्रों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए प्रादेशिक अस्पताल जनकपुरधाम भेजा गया, जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। मृतकों की पहचान जलेश्वर नगरपालिका वार्ड 6 निवासी रवि दास (पिता- राम दयाल दास), सुभाष दास (पिता- सुरेन्द्र दास) तथा अजमल पट्टी गांव निवासी अभिषेक मंडल (पिता- शत्रुघ्न मंडल) के रूप में हुई है।


वहीं घायलों में रोहित दास (पिता- सुरेश दास), अभय कापर (पिता- लखिन्द्र कापर) तथा एक अज्ञात शामिल हैं। सभी छात्र बिना हेलमेट के सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जलेश्वर अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर टायर जलाकर प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य हुई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।