Advertisement

मोकामा में परशुराम मेले का शुभारंभ, 18.11 करोड़ की योजना का शिलान्यास

-मोकामा में परशुराम मेले का शुभारंभ, 18.11 करोड़ की योजना का शिलान्यास

पटना, 20 अप्रैल 2026: मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पटना जिले के मोकामा स्थित परशुराम स्थान परिसर में 18.11 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली कमर्शियल बिल्डिंग निर्माण योजना का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने परशुराम मेले का विधिवत उद्घाटन भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भगवान परशुराम जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मोकामा क्षेत्र के विकास के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले के विस्तार और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ठोस योजना बनाई जाए, ताकि अगले वर्ष आयोजित होने वाले मेले में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोकामा एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है और यहां औद्योगिक विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि उद्योग स्थापना के लिए उपयुक्त जमीन चिन्हित कर अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए और एक विस्तृत विकास योजना तैयार की जाए।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और स्थानीय विधायक अनंत कुमार सिंह के अनुरोध पर मोकामा अस्पताल को उन्नत बनाने की दिशा में सरकार काम करेगी।


उन्होंने यह भी बताया कि मोकामा में तिरुपति भगवान के मंदिर के निर्माण की परिकल्पना की गई है, जिस पर कार्य जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान परशुराम के आदर्श और अन्याय के खिलाफ उनकी लड़ाई समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के दौरान कमर्शियल बिल्डिंग योजना से संबंधित एक लघु फिल्म भी प्रस्तुत की गई। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी डॉ. गोपाल सिंह, सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त सह बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेष पराशर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विधायक अनंत कुमार सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. समेत अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी जुड़े रहे।