Advertisement

मेगा टिकट चेकिंग अभियान से ₹34.42 लाख राजस्व प्राप्त

-मेगा टिकट चेकिंग अभियान से ₹34.42 लाख राजस्व प्राप्त

-वित्तीय वर्ष में अब तक सोनपुर मंडल में टिकट चेकिंग से 33.5 करोड़ की प्राप्ति

संवाददाता।मुजफ्फरपुर।

पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर मंडल में दिनांक 17 नवंबर 2025 को एक व्यापक मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक के कुशल निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री रौशन कुमार के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस विशेष अभियान के दौरान मंडल के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों एवं ट्रेनों में एक साथ सघन टिकट जांच की गई। अभियान में कुल 4654 यात्रियों से ₹ 34,42,965 /- (चौंतीस लाख बयालीस हज़ार नौ सौ पैंसठ रुपये) का राजस्व प्राप्त किया गया। औसतन 12 मामलों में 16089/- रुपया प्रति TTE आय प्राप्त हुआ है।

यह कार्रवाई मुख्यतः सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, नवगछिया सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर की गई। टिकट जांच दल ने बिना टिकट यात्रा, गलत श्रेणी में यात्रा, अनियमित टिकट तथा मासिक पास के दुरुपयोग जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की। इस दौरान सोनपुर मंडल के अनुभवी टिकट निरीक्षक, वाणिज्य निरीक्षक एवं आरपीएफ टीमों ने प्रभावी समन्वय के साथ कार्य किया।

अभियान के अंतर्गत यात्रियों को नियमित टिकट लेकर यात्रा करने हेतु जागरूक भी किया गया।

👉 अब तक वित्तीय वर्ष में टिकट चेकिंग के माध्यम से सोनपुर मंडल ने लगभग ₹33.5 करोड़ की राजस्व की प्राप्ति हुई है।
👉 प्रत्येक टीटीई द्वारा औसतन प्रतिदिन 09 मामलों एवं 4310 रुपया राजस्व की प्राप्ति हुई है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री रौशन कुमार ने कहा कि “इसी तरह आगे भी टिकट चेकिंग अभियान जारी रहेगा, जिससे यात्रियों की सुविधा में किसी प्रकार की कमी न हो और रेलवे के राजस्व में निरंतर वृद्धि होती रहे।”

वहीं टिकट निरीक्षकों द्वारा UTS टिकटों की QR कोड स्कैनिंग के माध्यम से भी व्यापक जांच की गई। सोनपुर मंडल में TTE द्वारा प्रतिदिन औसतन लगभग 500 UTS टिकटों की स्कैनिंग की जा रही है, यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और नकद रहित भुगतान को प्रोत्साहित करने हेतु सोनपुर मंडल में QR कोड के माध्यम से फाइन/चार्जेज का भुगतान भी तेजी से अपनाया जा रहा है।

रेल प्रशासन आमजन से अपील करता है कि वे बिना टिकट यात्रा न करें तथा रेलवे के नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदार यात्री बनें।