Advertisement

मुजफ्फरपुर में सिंचाई चैनल चोरी: 200 एकड़ फसल पर संकट, ग्रामीणों में आक्रोश

-मुजफ्फरपुर में सिंचाई चैनल चोरी: 200 एकड़ फसल पर संकट, ग्रामीणों में आक्रोश

मुजफ्फरपुर। जिले के सरैया प्रखंड क्षेत्र के नारायणपुर गांव से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां किसानों की जीवनरेखा माने जाने वाले सिंचाई चैनल को असामाजिक तत्वों ने उखाड़कर ईंट समेत चोरी कर लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है और किसानों के सामने सिंचाई का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, स्टेट बोर्डिंग के तहत बनाए गए इस चैनल से करीब 200 एकड़ खेतों की सिंचाई होती थी। लेकिन चैनल के क्षतिग्रस्त होने के कारण अब किसानों की फसलें सूखने के कगार पर पहुंच सकती हैं।


स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही नंदन कुमार और सीताराम राय ने चैनल को तोड़कर उसकी ईंटें चोरी कर ली हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही चैनल की मरम्मत नहीं कराई गई, तो आने वाले दिनों में खेती पर गहरा असर पड़ेगा। वहीं इस मामले ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी संपत्तियों की निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल, मामले को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।