-मुजफ्फरपुर में सफाईकर्मियों के समर्थन में ऐक्टू का प्रतिवाद मार्च
-नियमितीकरण और समान वेतन की उठी मांग
मुजफ्फरपुर, 5 अगस्त। नगर निकाय एवं सफाईकर्मियों की विभिन्न मांगों के समर्थन में मंगलवार को ऐक्टू (AICCTU) की ओर से मुजफ्फरपुर शहर में प्रतिवाद मार्च निकाला गया। हरिसभा स्थित ऐक्टू कार्यालय से शुरू हुआ मार्च हरिसभा चौक, कल्याणी और छोटी कल्याणी होते हुए वापस कार्यालय पहुंचा। इस दौरान सैकड़ों प्रदर्शनकारी हाथों में झंडे, बैनर और तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सफाईकर्मियों की मांगों को पूरा करने की मांग कर रहे थे।
प्रतिवाद मार्च के माध्यम से ऐक्टू ने बिहार सरकार से सभी सफाई एवं नगर निकाय कर्मियों को नियमित करने, उनके रोजगार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा वर्षों से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी, संविदा और अन्य अस्थायी कर्मियों को स्थायी करने की मांग की। संगठन ने ठेका एवं आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त कर सभी कर्मियों को नगर निकाय कर्मचारी का दर्जा देने और “समान काम के लिए समान वेतन” लागू करने की भी मांग उठाई।

प्रदर्शनकारियों ने ठेकेदारों और एजेंसियों द्वारा कथित शोषण व वेतन कटौती पर रोक लगाने, एसीपी/एमएसीपी का पूर्ण क्रियान्वयन करने, सभी लंबित बकाया का भुगतान करने, न्यूनतम मजदूरी 42 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित करने तथा सभी कर्मियों के लिए पेंशन और सामाजिक सुरक्षा की गारंटी देने की मांग की। साथ ही सफाईकर्मियों के लिए मुफ्त आवास और भूमिहीन परिवारों को तीन डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई।
कल्याणी चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए ऐक्टू के जिला सचिव मनोज कुमार यादव ने आरोप लगाया कि सरकार सफाईकर्मियों, स्कीम वर्करों और असंगठित मजदूरों की लगातार उपेक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि स्थायी नौकरियां समाप्त कर ठेका और मानदेय व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा लाखों श्रमिकों से न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान पर काम कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हड़ताल के माध्यम से मजदूर अपने अधिकारों और श्रम कानूनों से जुड़े मुद्दों पर भी आवाज उठा रहे हैं।
मुजफ्फरपुर नगर निगम कामगार यूनियन के नेता अमरेंद्र प्रसाद ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा और संगठन अपने नेतृत्व के अगले निर्णय का इंतजार कर रहा है।
मार्च में ऐक्टू एवं नगर निगम कामगार यूनियन के पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में सफाईकर्मी और समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन को आगे भी जारी रखने का संकल्प दोहराया।












