Advertisement

मुजफ्फरपुर में मॉनसून की रफ्तार थमी, उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल

-मुजफ्फरपुर में मॉनसून की रफ्तार थमी, उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल

मुजफ्फरपुर। जिले में मॉनसून की रफ्तार थम सी गई है। एक ओर बिहार के कुछ हिस्सों में आंधी, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है, वहीं दूसरी ओर मुजफ्फरपुर सहित कई जिलों में उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अल नीनो के प्रभाव के कारण अगले एक सप्ताह तक जिले में व्यापक वर्षा की संभावना काफी कम है।
मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम एवं मध्य बिहार के कई जिलों में हीटवेव (लू) की चेतावनी जारी की है। वहीं उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के 12 जिलों में कहीं-कहीं आंधी, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि अल नीनो के प्रभाव से मुजफ्फरपुर और आसपास के क्षेत्रों में खंड वर्षा की स्थिति बन रही है। कहीं आसमान पूरी तरह साफ और शुष्क है, तो कहीं मध्यम बारिश की संभावना बन रही है। हालांकि अधिकांश क्षेत्र शुष्क बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि अगले एक सप्ताह तक जिले में बारिश की संभावना महज 20 प्रतिशत के आसपास है।


मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम है। दिन के समय पुरवा हवा चलने से वातावरण में नमी बढ़ी, जिससे उमस और अधिक महसूस की गई।
जिले में फिलहाल झमाझम बारिश के आसार नहीं दिख रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि एक-दो स्थानों पर गरज-तड़क के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन व्यापक वर्षा की संभावना नहीं है। दिन और रात के तापमान में अंतर लगातार कम हो रहा है, जिससे चौबीसों घंटे गर्मी का एहसास बना हुआ है।
कमजोर मॉनसून के कारण पिछले आठ दिनों से जिले में उल्लेखनीय वर्षा नहीं हुई है। मौसम विभाग की ओर से समय-समय पर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किए जा रहे हैं, लेकिन बारिश नहीं होने से लोगों की उम्मीदें टूट रही हैं। तेज धूप और उमस भरी गर्मी के कारण बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को जिले के एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी का असर बना रहेगा। विशेषज्ञों ने लोगों को धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और मौसम संबंधी सतर्कता बरतने की सलाह दी है।