-मुजफ्फरपुर में भारी बारिश का कहर: जगह-जगह गिरे पेड़, यातायात और बिजली आपूर्ति बाधित
मुजफ्फरपुर। जिले में शनिवार को हुई भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ गिरने से सड़कों पर आवागमन ठप हो गया और विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
मुसहरी प्रखंड क्षेत्र में पूसा मार्ग के नवादा और मनिका चौक पर पेड़ गिरने से यातायात घंटों बाधित रहा। इसी तरह एनएच-28 पर भी कई जगहों पर पेड़ गिरने से सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।

बंदरा प्रखंड के जरंगी गांव में बरगद का विशाल पेड़ गिरने से मैठी-पिलखी मुख्य पथ अवरुद्ध हो गया। वहीं गायघाट, कटरा, बोचहां, मीनापुर और सकरा सहित विभिन्न प्रखंडों से भी सड़कों और विद्युत पोलों पर पेड़ गिरने की खबर है।
इन घटनाओं के कारण न सिर्फ लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई, बल्कि कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। प्रशासन और बिजली विभाग की टीमों द्वारा सड़कों से पेड़ हटाने और आपूर्ति बहाल करने का काम जारी है।
















