-मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा: चुनाव ड्यूटी से लौट रही विशेष अस्त्र पुलिस की गाड़ी ट्रक से भिड़ी, कई जवान घायल
मुजफ्फरपुर। दीपक।
सदर थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक गंभीर सड़क हादसा होने से कई पुलिस जवानों की जान खतरे में पड़ गई। चुनाव ड्यूटी से वापस लौट रही बिहार विशेष अस्त्र पुलिस की वाहन दीघड़ा पेट्रोल पंप के पास आगे चल रहे एक ट्रक से जोरदार टक्कर में जा भिड़ी। हादसे की तीव्रता का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि पुलिस वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। पीछे से तेज रफ़्तार में आ रही पुलिस की गाड़ी संतुलन खो बैठी और सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार कई जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना दी। सदर थाना की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर तत्काल नज़दीकी अस्पताल भेजा। सभी घायल जवान उपचाराधीन हैं और उनकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार नज़र रखे हुए हैं।

अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि ट्रक के अचानक धीमा होने से यह टक्कर हुई। हालांकि, दुर्घटना के सही कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने ट्रक को ज़ब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ की तैयारी चल रही है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चुनाव ड्यूटी से लौट रहे जवानों के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे ने सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।












