-मुजफ्फरपुर में प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड: दो और आरोपी हथियार के साथ गिरफ्तार, अब तक चार गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर।जिले के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र में हुए बहुचर्चित प्रॉपर्टी डीलर श्याम कुमार कुशवाहा हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। विशेष पुलिस टीम ने मामले से जुड़े दो और मुख्य आरोपियों को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण कुमार और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। इस कार्रवाई के बाद हत्याकांड में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
डीएसपी ईस्ट वन अलय वत्स ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रिंस कुमार ने पूरे हत्याकांड में ‘लाइनर’ की अहम भूमिका निभाई थी। उसने श्याम कुमार कुशवाहा की गतिविधियों, आने-जाने के समय और लोकेशन की रेकी कर अपराधियों तक पूरी जानकारी पहुंचाई थी। इसी सूचना के आधार पर शूटरों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

गौरतलब है कि श्याम कुमार कुशवाहा सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डेरा चौक स्थित मंदिर में पूजा करने पहुंचे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
डीएसपी अलय वत्स ने बताया कि अब तक इस हत्याकांड से जुड़े चार प्रमुख साजिशकर्ता और सहयोगी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। वहीं, घटना में शामिल शूटरों और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें और तकनीकी शाखा लगातार कार्रवाई कर रही हैं। संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी की जा रही है और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस हत्याकांड में शामिल सभी आरोपी कानून के शिकंजे में होंगे।












